नई दिल्ली में पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो के पिंक और मैजेंटा लाइन कॉरिडोर का उद्घाटन किया। फेज-5 के तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास और सरकारी आवासीय परियोजनाओं की शुरुआत भी की गई, जिससे राजधानीवासियों की सुविधा बढ़ेगी।
New Delhi: नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया, जिनकी कुल लागत लगभग ₹18,300 करोड़ है। उद्घाटन किए गए कॉरिडोर में पिंक लाइन का मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर, जिसकी लंबाई लगभग 12.3 किमी है, और मैजेंटा लाइन का दीपाली चौक से मजलिस पार्क कॉरिडोर, जिसकी लंबाई लगभग 9.9 किमी है, शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक वर्ष पहले दिल्ली जिस आपदा से गुजरी, उससे मुक्त होना बेहद जरूरी था और अगर आपदा सरकार नहीं होती तो मेट्रो फेज-4 बहुत पहले पूरा हो गया होता।
दिल्ली में ट्रांसपोर्ट फैसिलिटी का अपग्रेडेशन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की डबल इंजन सरकार बनने के बाद शहर के विकास में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में ट्रांसपोर्ट फैसिलिटी में अपग्रेडेशन हो रहा है और लोगों को आधुनिक और साफ-सुथरी बस सेवाएं मिल रही हैं। केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें अब दिल्ली की सेवा में हैं।
बीते एक साल में लगभग 1800 नई बसें दिल्ली की सड़कों पर उतारी गई हैं, जिनमें कई बेबी बसें भी शामिल हैं, जो मोहल्लों और कॉलोनियों को जोड़ रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह पहल राजधानीवासियों के सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए की गई है।
महिला दिवस पर नारी शक्ति को किया सम्मान
उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में दिल्ली के विकास के कई नए आयाम सामने आए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में भारत की नारी शक्ति ने नई ऊर्जा और उपलब्धियों के साथ देश को प्रेरित किया है। उन्होंने देश की महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनके योगदान को राष्ट्र विकास में महत्वपूर्ण बताया।
तीन करोड़ से अधिक महिलाएं बनीं 'लखपति दीदी'

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा देश की तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का जो संकल्प लिया गया था, वह पूरा हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि छह साल पहले यह योजना शुरू की गई थी और कई लोग इसे लेकर मजाक उड़ाते रहे, लेकिन आज इस योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं में अपार क्षमता है और यदि उन्हें अवसर दिया जाए तो वे हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। पीएम मोदी ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह सिर्फ आर्थिक सशक्तिकरण नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
मेट्रो फेज-5 के लिए भी किया शिलान्यास
इस अवसर पर पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो के फेज-5 के तहत तीन नए प्रस्तावित कॉरिडोर की शिलान्यास भी किया। इन कॉरिडोरों से नोएडा, दक्षिण दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट के बीच दूरी कम होगी। शिलान्यास किए गए कॉरिडोर हैं: आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज। पीएम मोदी ने कहा कि यह परियोजनाएं दिल्लीवासियों के लिए सुविधाजनक और समय की बचत करने वाली साबित होंगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने GPRA पुनर्विकास योजना के तहत ₹15,200 करोड़ की परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इसके तहत सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी में सरकारी कर्मचारियों के लिए फ्लैट्स और आधुनिक कार्यालय स्थान तैयार किए जाएंगे।
परियोजनाओं का निर्माण सेल्फ-सस्टेनेबल मॉडल पर किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के व्यावसायिक विकास से प्राप्त राजस्व का उपयोग पूरी परियोजना के लिए किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि इससे सरकारी कर्मचारियों के लिए रहने और काम करने की सुविधाएं बेहतर होंगी और दिल्ली का विकास और गति पकड़ सकेगा।











