प्रयागराज में होली का त्योहार इस बार खास अंदाज में मनाया गया। शहर की मशहूर कपड़ा फाड़ होली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और रंग-गुलाल के साथ जमकर उत्सव मनाया। इस दौरान पूरे इलाके में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
होली के मौके पर शहर के कई इलाकों में लोग समूह बनाकर सड़कों पर निकल आए। DJ की तेज धुन पर युवा और बच्चे देर रात तक नाचते-गाते नजर आए। रंग-गुलाल से सराबोर लोग एक-दूसरे को बधाई देते हुए त्योहार की खुशियां साझा कर रहे थे।
प्रयागराज की कपड़ा फाड़ होली वर्षों से यहां की खास परंपरा मानी जाती है। इस परंपरा के तहत लोग हंसी-मजाक के बीच एक-दूसरे के पुराने कपड़े फाड़ते हैं और रंग-गुलाल लगाकर उत्सव का आनंद लेते हैं। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंचते हैं।
मोहल्लों और चौक-चौराहों पर DJ और होली गीतों की धुन पर युवाओं ने जमकर डांस किया। कई जगहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक तरीके से भी होली मनाई गई, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया।
त्योहार के दौरान प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और लगातार गश्त की जा रही थी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन की निगरानी में पूरे शहर में होली का त्योहार उत्साह और शांति के साथ मनाया गया।










