उत्तराखंड स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राइमरी टीचर के 1649 पदों पर भर्ती के लिए जिलेवार आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन है और योग्य उम्मीदवार 5 दिसंबर तक फॉर्म जमा कर सकते हैं। चयन मेरिट के आधार पर होगा और वेतन लेवल-06 के तहत मिलेगा।
Primary Teacher Recruitment 2025: उत्तराखंड स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के नौ जिलों में 1649 प्राथमिक शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने D.El.Ed के साथ ग्रेजुएशन और TET पास किया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है और फॉर्म संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 5 दिसंबर तक जमा करने होंगे। चयन मेरिट के आधार पर होगा, जिसमें शैक्षणिक प्रदर्शन और अनुभव की अहम भूमिका रहेगी। यह भर्ती सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है।
जिलेवार निकली भर्ती, आवेदन ऑफलाइन होंगे
उत्तराखंड स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, यह भर्ती पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर, देहरादून और नैनीताल जिलों के लिए निकाली गई है। सभी जिलों में रिक्त पदों के अनुसार उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं।
आवेदन केवल ऑफलाइन मोड में स्वीकार किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर, पूरा भरकर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अंतिम तिथि से पहले जमा करना होगा।

कौन कर सकता है आवेदन, क्या है योग्यता
उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2025 के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने D.El.Ed के साथ ग्रेजुएशन पूरा किया हो। इसके साथ TET पास होना अनिवार्य है। आवेदन के समय सभी शैक्षणिक दस्तावेजों की मार्कशीट उपलब्ध होना जरूरी है।
आयु सीमा की बात करें तो अभ्यर्थी की उम्र 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। खास बात यह है कि जो अभ्यर्थी पहले से उत्तराखंड के प्राइमरी स्कूलों में अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें मेरिट में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
सैलरी और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी
चयनित अभ्यर्थियों को ग्रेड III, लेवल-06 के तहत वेतनमान दिया जाएगा। इस स्केल में अधिकतम 1,12,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है, जो इसे राज्य की सबसे आकर्षक शिक्षक भर्तियों में शामिल करता है।
चयन प्रक्रिया मेरिट आधारित होगी, जिसमें शैक्षणिक प्रदर्शन, TET स्कोर और अतिथि शिक्षक का अनुभव विशेष भूमिका निभाएगा। चयन के बाद उम्मीदवारों को जिलेवार स्कूलों में तैनाती दी जाएगी।











