Pune

राज्यसभा चुनाव फर्जीवाड़ा: फर्जी साइन कराने के आरोप में नवनीत चतुर्वेदी गिरफ्तार

राज्यसभा चुनाव फर्जीवाड़ा: फर्जी साइन कराने के आरोप में नवनीत चतुर्वेदी गिरफ्तार

राज्यसभा चुनाव के बीच पंजाब में नवनीत चतुर्वेदी को फर्जी विधायकों के साइन कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। नामांकन रद्द होने के बाद चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस के बीच विवाद के बाद उन्हें रोपड़ अदालत के आदेश पर हिरासत में लिया गया।

चंडीगढ़: पंजाब की राज्यसभा सीट के उपचुनाव के दौरान जयपुर निवासी नवनीत चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस और प्रशासन की जांच में पता चला कि नवनीत ने 10 आम आदमी पार्टी विधायकों के जाली हस्ताक्षर कर अपने नामांकन के लिए प्रस्तावक बनाया। इसके बाद नामांकन स्क्रुटनी में रद्द कर दिया गया। चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा में रखा गया नवनीत चतुर्वेदी मंगलवार रात से ही सुरक्षा में था, क्योंकि उसने अपने ऊपर खतरे की आशंका जताई थी। इसके बावजूद पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कवायद शुरू की।

गिरफ्तारी के दौरान चंडीगढ़/पंजाब पुलिस में टकराव

नवनीत को मंगलवार रात चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा में रखा गया था। जब वह पंजाब विधानसभा से वापस आ रहा था, तब सुखना झील के पास पंजाब पुलिस ने गिरफ्तारी की कोशिश की। इस दौरान दोनों पुलिस विभागों में टकराव और धक्कामुक्की हुई।

चंडीगढ़ पुलिस ने नवनीत को पंजाब पुलिस को सौंपने से इंकार कर दिया और उसे सेक्टर 3 पुलिस थाने में ले गई। मंगलवार रात भर पंजाब पुलिस अधिकारियों ने थाने के बाहर डेरा डाला।

रोपड़ अदालत ने आदेश जारी किया

बुधवार को पंजाब सरकार ने रोपड़ अदालत में शिकायत की कि नवनीत को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा। अदालत ने अरेस्ट वारंट के आधार पर आदेश दिया कि नवनीत चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया जाए और उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाए।इसके बाद पंजाब पुलिस की टीम ने शाम को अदालत के आदेश के साथ सेक्टर 3 पुलिस थाने पहुंचकर नवनीत को गिरफ्तार कर लिया।

नवनीत चतुर्वेदी के खिलाफ पंजाब में कम से कम 10 एफआईआर दर्ज हैं। आरोप हैं कि उन्होंने अपने नामांकन के लिए जाली दस्तावेज़ और हस्ताक्षरों का उपयोग किया। अब पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर राज्यसभा चुनाव में फर्जीवाड़े के मामले की जांच कर रही है।

Leave a comment