गुमला के डुमरी थाना क्षेत्र में टेंपो पलटने से 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। शादी से लौटते समय यह हादसा हुआ। पुलिस जांच में जुटी है और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
Jharkhand: यह हादसा डुमरी थाना क्षेत्र के चिड़रा नदी के पास सोमवार देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग बेहराटोली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर टेंपो से मंद्रियाटोली गांव लौट रहे थे। जब टेंपो चिड़रा नदी चढ़न के पास पहुंचा, तभी अचानक वाहन पीछे की ओर खिसकने लगा। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
टेंपो के नीचे दबने से युवती की मौत
हादसे में बड़ा कटरा निवासी प्रियंजली मिंज (23) टेंपो के नीचे दब गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरी ले जाया गया।
अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने जांच के बाद प्रियंजली को मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में मंद्रियाटोली गांव की रहने वाली साक्षी टोप्पो (16) के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। वहीं निमंती एक्का (38) को सिर और कमर में गंभीर चोटें लगी हैं।
दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं प्रियंजली
मृतका प्रियंजली मिंज नर्सिंग की छात्रा थीं। उन्होंने एएनएम की पढ़ाई पूरी कर ली थी और दो दिन बाद एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस के तौर पर ज्वाइन करने वाली थीं। घटना की सूचना मिलते ही प्रमुख जीवंती एक्का और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
डुमरी थाना के एसआई आनंदी साहू ने अस्पताल पहुंचकर मामले की रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













