स्कूल छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में शोक की लहर

स्कूल छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में शोक की लहर

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक 11 वर्षीय छात्र की आत्महत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कक्षा 5वीं में पढ़ने वाला मासूम घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। परिवार और पुलिस इस दर्दनाक घटना के कारणों की जांच में जुटे हैं।

छत्तीसगढ़: गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के खरीपथरा गांव में एक 11 वर्षीय बच्चे की आत्महत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। कक्षा 5वीं में पढ़ने वाला यह छात्र घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ पर फांसी के फंदे में लटका मिला। बच्चे के शव को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। 

परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बच्चे की परेशानी एवं आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह घटना पूरे गांव के लिए गहरा सदमा बन गई है।

नाराज़गी और पढ़ाई से दूरी बढ़ी

परिजनों के अनुसार बच्चा पिछले कुछ समय से पढ़ाई को लेकर बेहद चिड़चिड़ा हो गया था। स्कूल भेजने पर वह अक्सर नाराज हो जाता और क्लास में जाना भी कम कर दिया था। छह–सात दिनों में वह मुश्किल से एक दिन ही स्कूल पहुंचता था। सोमवार को जब माता-पिता ने उसे पढ़ाई के लिए समझाया, तो वह फिर नाराज़ हो गया और उनकी बातों का कोई जवाब नहीं दिया। 

एक सप्ताह से बढ़ती बेचैनी

परिजनों का कहना है कि बच्चा पिछले एक सप्ताह से मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहा था। घर वाले कई बार उससे उसकी परेशानी पूछते, लेकिन वह बिना कुछ बोले चुपचाप बैठा रहता था। उसके इस बदलते व्यवहार ने परिवार की चिंता बढ़ा दी थी, मगर किसी ने नहीं सोचा था कि वह इतना गंभीर कदम उठा लेगा।

धीरे-धीरे उसकी चुप्पी और अलगाव बढ़ता गया। परिवार इसे सामान्य गुस्सा या जिद समझता रहा, लेकिन भीतर ही भीतर बच्चे पर mental pressure बढ़ता गया, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी।

सुबह खेतों में दिखा दिल दहलाने वाला दृश्य 

घटना का पता तब चला जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे और उन्होंने पेड़ पर एक बच्चे का शव लटकता देखा। यह दृश्य देखकर लोग दहशत में आ गए और तुरंत परिजनों व सरपंच को सूचना दी।

अमलीपदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी एकत्र की, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्चे ने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a comment