भारतीय शेयर बाजार आज बढ़त के साथ खुला, लेकिन शुरुआती मिनटों में ही बैंकिंग शेयरों में भारी मुनाफावसूली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में फिसल गए। आईटी शेयरों की मजबूती भी बाजार को संभाल नहीं पाई, जबकि FPI बिकवाली जारी रही।
Stock Market: भारत के शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूत शुरुआत की थी, लेकिन खुलने के कुछ ही मिनटों बाद माहौल बदल गया और दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में फिसल गए। आईटी शेयरों में मजबूती दिखी, लेकिन सरकारी और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली ने बाजार पर दबाव बढ़ाया। निवेशकों की निगाहें आज भी RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक और वैश्विक संकेतों पर टिकी रहेंगी।
सेंसेक्स और निफ्टी कमजोर शुरुआत के बाद फिसले
बीएसई सेंसेक्स ने दिन की शुरुआत 85,150 अंक पर हल्की बढ़त के साथ की थी। हालांकि बढ़त ज्यादा देर टिक नहीं पाई और बाजार तुरंत प्रेशर में फिसल गया। सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 197 अंक या 0.23 फीसदी टूटकर 84,941 अंक पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी-50 ने 26,004 अंक पर लगभग सपाट खुलकर ट्रेडिंग की शुरुआत की, लेकिन कुछ ही देर में यह 26,000 के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे चला गया। सुबह 9:31 बजे निफ्टी 57 अंक या 0.22 फीसदी गिरकर 25,974 पर ट्रेड कर रहा था।
आईटी सेक्टर ने संभाली बाजार की पकड़
बाजार की कमजोरी का सबसे बड़ा कारण सरकारी और प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में भारी मुनाफावसूली रही। वहीं दूसरी तरफ आईटी सेक्टर ने मजबूती दिखाई, जिससे बाजार को शुरुआती मिनटों में सपोर्ट मिला। लेकिन बैंकिंग शेयरों की गिरावट इतनी गहरी रही कि बाजार को खींचकर नीचे ले आई।
एशियाई बाजारों से मिला मिश्रित संकेत
एशियाई बाजार बुधवार को ज्यादातर ऊंचाई पर कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट में टेक शेयरों की तेजी और क्रिप्टो मार्केट की रिकवरी ने एशियाई बाजारों को मजबूती दी।
जापान का निक्केई 225 0.76 फीसदी चढ़ा, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स 0.31 फीसदी गिरा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.06 फीसदी ऊपर रहा। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी 0.32 फीसदी मजबूत हुआ।
अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स भी स्थिर रहे और मंगलवार को डॉव, S&P 500 और नैस्डैक – तीनों इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। निवेशक अब अमेरिकी ग्लोबल कंपोजिट PMI और सर्विसेज PMI डेटा का इंतजार कर रहे हैं।
RBI MPC बैठक से पहले निवेशक सतर्क
निवेशक आज से शुरू होने वाली RBI की तीन दिवसीय मौद्रिक नीति समिति (MPC) बैठक को लेकर सतर्क बने हुए हैं। बैठक 3 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चलेगी। इस बैठक में रीपो रेट को लेकर बड़ा फैसला आने की उम्मीद है, जिसका सीधा असर होम लोन और पर्सनल लोन की EMI पर पड़ेगा।
बीते तीन ट्रेडिंग सत्रों में निफ्टी और सेंसेक्स 0.7 फीसदी तक गिर चुके हैं। हालांकि पिछले हफ्ते दोनों इंडेक्स 14 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गए थे, लेकिन विदेशी निवेशकों (FPI) की लगातार बिकवाली ने बाजार को नीचे धकेला।
मंगलवार को FPI ने 3642 करोड़ रुपये की भारी बिकवाली की, जिससे रुपये पर भी दबाव बढ़ा और यह गिरकर 90 रुपये प्रति डॉलर के ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच गया।
प्राइमरी मार्केट में आज कई बड़े आईपीओ खुले
बाजार की अस्थिरता के बीच प्राइमरी मार्केट में हलचल जारी है। आज कई बड़े आईपीओ खुल रहे हैं और कई अपने सब्सक्रिप्शन के दूसरे व तीसरे दिन में प्रवेश कर रहे हैं।
आज से खुलने वाले मेनलाइन IPO:
- विद्या वायर्स IPO
- एक्वस IPO
- मीशो IPO
SME Segment में आज ओपन:
- श्री कान्हा स्टेनलेस IPO
- दूसरे दिन में प्रवेश करने वाले:
- नियोकेम बायो IPO
- हेलोजी हॉलिडेज IPO
तीसरे दिन में प्रवेश करने वाले:
- रेवेलकेयर IPO
- क्लियर सिक्योर सर्विसेज IPO
- स्पेब एडहेसिव्स IPO
- इनविक्टा डायग्नोस्टिक IPO
- एस्ट्रोन मल्टीग्रेन IPO
आज जिनका आवंटन होगा:
- पर्पल वेव IPO
- लॉजिकियल सॉल्यूशंस IPO
- एक्साटो टेक्नोलॉजीज IPO










