सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। देहात कोतवाली पुलिस ने पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से दो संदिग्ध इलाके से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों की पहचान मोहम्मद एहतेमान पुत्र जुबेर अहमद और मोहम्मद अंसार पुत्र मोहम्मद लियाकत अली, दोनों निवासी जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश नवंबर में हुई ट्रक चोरी की वारदात में वांछित थे।
मुठभेड़ के बाद घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से हथियार और कार बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










