तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 'सीटी' चुनाव चिन्ह मिला। अभिनेता विजय की पार्टी 26 जनवरी से राज्यव्यापी चुनाव प्रचार शुरू करेगी। उनके समर्थक चाहते हैं कि विजय मुख्यमंत्री बने।
Tamil Nadu: भारतीय चुनाव आयोग ने गुरुवार को तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को 'सीटी' चुनाव चिन्ह आवंटित किया। चुनाव आयोग ने इसे आम चुनाव चिन्ह के तौर पर मान्यता दी है। यह फैसला विजय की राजनीतिक एंट्री और उनके समर्थकों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विजय ने 'सीटी' को बताया पहली पसंद
TVK के नेता CTR निर्मल कुमार ने बताया कि चुनाव के लिए 10 प्रस्तावित चिन्हों में से अभिनेता विजय ने 'सीटी' को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना था। निर्मल कुमार ने कहा कि तमिलनाडु के लोग और पार्टी समर्थक यह चाहते हैं कि विजय मुख्यमंत्री बने। उल्लेखनीय है कि विजय की 2024 में रिलीज़ हुई फिल्म GOAT के टॉप हिट गानों में से एक 'व्हिसल पोडू' में भी 'सीटी' का जिक्र है। इस गाने और फिल्म की रिलीज़ को उनके राजनीतिक कदमों से जोड़कर देखा जा रहा है।
TVK की चुनाव तैयारियां
इस घटना के ठीक दो दिन पहले, TVK ने चेन्नई में अपनी पहली चुनाव प्रचार समिति की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सामाजिक न्याय और पारदर्शिता पर आधारित चुनाव घोषणापत्र की रूपरेखा तैयार की गई। 16 जनवरी को विजय ने तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की प्रचार गतिविधियों को जिला और निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर कोऑर्डिनेट करने के लिए 12 सदस्यीय समिति का गठन किया।

विजय जल्द शुरू करेंगे चुनाव प्रचार
पार्टी के वरिष्ठ नेता ने बताया कि विजय अपने चुनाव प्रचार दौरे की योजना तैयार कर रहे हैं। पार्टी के मुख्य समन्वयक ए सेंगोत्तैयां ने कहा कि चुनाव प्रचार दौरे की जगहों की जानकारी अधिकारियों से अनुमोदन मिलने के बाद ही साझा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि समिति 26 जनवरी से राज्यव्यापी दौरा शुरू करेगी और तमिलनाडु के सभी 234 निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ परामर्श बैठकें आयोजित करेगी।
अकेले चुनाव या गठबंधन, फैसला बाद में
सेंगोत्तैयां ने कहा कि पार्टी आगामी चुनावों में अकेले लड़ेगी या किसी गठबंधन का हिस्सा होगी, यह निर्णय पार्टी प्रमुख विजय द्वारा आयोजित आम परिषद की बैठक में किया जाएगा। पार्टी ने फिलहाल स्पष्ट संकेत नहीं दिए हैं, लेकिन यह संभावना है कि चुनाव अभियान में विजय की सक्रिय भागीदारी प्रमुख रणनीति होगी।
तमिलनाडु में एक्टर्स की राजनीति का इतिहास
तमिलनाडु में फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति का लंबा इतिहास रहा है। CN अन्नादुरई और MG रामचंद्रन जैसे दिग्गज नेता फिल्म उद्योग से निकलकर राजनीति में सफल रहे। जे जयललिता ने भी राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वहीं शिवाजी गणेशन, विजयकांत, सरथ कुमार और कमल हासन को सीमित सफलता मिली। रजनीकांत ने चुनाव लड़ने से पहले ही नाम वापस ले लिया था। विजय का दावा है कि उनकी रणनीति और लोकप्रियता उन्हें अन्य एक्टर्स से अलग बनाती है।










