तेज रफ्तार डंपर ने पति-पत्नी और बेटी थे कार में कार को मारी टक्कर, ड्राइवर पुलिस की हिरासत में

तेज रफ्तार डंपर ने पति-पत्नी और बेटी थे कार में कार को मारी टक्कर, ड्राइवर पुलिस की हिरासत में

जयपुर में तेज रफ्तार डंपर कार को टक्कर मारकर 2 किमी तक घसीट ले गया। कार में सवार पति-पत्नी और बेटी सुरक्षित बच गए। लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

Jaipur: जयपुर के वीकेआई थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गाजियाबाद से चित्तौड़गढ़ जा रहे एक परिवार की कार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर कार को अपने साथ घसीटता हुआ आगे ले गया।

कार में जगदीश बैरागी, उनकी पत्नी लक्ष्मी बैरागी और बेटी श्वेता बैरागी सवार थे। टक्कर लगते ही कार सवार घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन डंपर ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका।

करीब 2 किलोमीटर तक घसीटी गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक कार को 5 नंबर पुलिस चौकी से लेकर तोंदवाल मैरिज गार्डन होते हुए दादी का फाटक तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग भी चिल्लाते रहे और डंपर को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन चालक लगातार आगे बढ़ता रहा।

करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक कार डंपर के साथ फंसी रही। आखिरकार दादी का फाटक के पास मिट्टी में दोनों वाहन फंस गए, जिससे डंपर रुक सका।

लोगों ने पकड़ लिया ड्राइवर

वाहन रुकते ही डंपर ड्राइवर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद कार में फंसे पति-पत्नी और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कार सवारों की जान बच गई। हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है और परिवार बुरी तरह सहम गया।

पुलिस पहुंची मौके पर 

घटना की सूचना मिलते ही मुरलीपुरा थाना पुलिस और बनीपार्क दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यातायात पुलिस के एएसआई जगदीश प्रसाद, यातायात पुलिसकर्मी भंवरलाल और एएसआई रघुनंदन ने स्थिति को संभाला।

पुलिस ने डंपर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a comment