उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए नए साल 2026 में बड़े अवसर आने वाले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी विभागों में खाली पड़े पदों की समीक्षा की है और उन्हें भरने के लिए अफसरों को निर्देश दे दिए हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल युवाओं के लिए बंपर नौकरी की संभावनाएँ बन रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार खाली पदों की जानकारी ली है। साल 2026 में यूपी पुलिस, शिक्षा, कारागार, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास और बाल विकास-पुष्टाहार विभाग में बड़ी संख्या में वैकेंसी निकलेंगी।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों में खाली पदों पर भर्ती की हरी झंडी दे दी है। उनकी मंजूरी के बाद, वर्ष 2026 में प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख सरकारी नौकरियों की तैयारी शुरू हो गई है, जो युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करेंगी।
योगी सरकार का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों में खाली पदों की जानकारी ली। बैठक में यह फैसला लिया गया कि पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, आवास विकास, कारागार और बाल विकास पुष्टाहार विभाग में बंपर भर्तियां की जाएंगी। अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि खाली पदों को जल्द से जल्द भरा जाए ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें।
पिछले साढ़े आठ सालों में योगी सरकार ने प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। अगर 2026 में होने वाली नई भर्तियों को मिलाया जाए, तो योगी सरकार दस साल के कार्यकाल में दस लाख सरकारी नौकरियों का रिकॉर्ड बनाने वाली होगी। यह कदम राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा रोजगार मील का पत्थर साबित होगा।

विभागवार भर्ती की संभावनाएं
सूत्रों के मुताबिक, 2026 में सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी।
- पुलिस विभाग
- कुल लगभग 50 हजार नई भर्तियां
- इसमें लगभग 30 हजार आरक्षी, 5 हजार सब-इंस्पेक्टर और 15 हजार अन्य पद शामिल हैं।
- शिक्षा विभाग
- करीब 50 हजार पदों पर भर्ती
- इसमें सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षण पद शामिल होंगे।
- राजस्व विभाग
- लगभग 20 हजार पदों पर भर्ती
- इसमें लेखपाल और अन्य प्रशासनिक पद शामिल होंगे।
- अन्य विभाग
- स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार जैसे विभागों में भी लगभग 30 हजार पदों पर भर्ती होगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाली पदों को जल्द से जल्द भरने की प्रक्रिया शुरू की जाए। कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि कुछ विभागों में प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। सरकार का उद्देश्य है कि 2026 के पहले छमाही तक अधिकांश भर्तियां पूरी कर ली जाएं।










