Varanasi: ‘मंदिरों का पुनरुद्धार हो रहा है, कांग्रेस जनता को दिग्भ्रमित कर रही है’ - काशी में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Varanasi: ‘मंदिरों का पुनरुद्धार हो रहा है, कांग्रेस जनता को दिग्भ्रमित कर रही है’ - काशी में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

काशी के महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास कार्य और उससे जुड़े विवादों के बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचे। हालांकि, उन्होंने मणिकर्णिका घाट का दौरा नहीं किया। 

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, शनिवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। काशी के ऐतिहासिक मणिकर्णिका घाट पर चल रहे विकास कार्यों और उससे जुड़े विवाद के बीच मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा था। हालांकि, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद मुख्यमंत्री मणिकर्णिका घाट नहीं पहुंचे। उन्होंने श्रीकाशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन–पूजन के बाद सीधे सर्किट हाउस जाकर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और मीडिया को संबोधित किया।

कांग्रेस पर सीधा हमला

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार भारत की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं का अपमान करती रही है। मठों और मंदिरों से जुड़े मुद्दों को विवादित बनाकर सनातनी समाज को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में अद्वितीय काशी नगरी में माता अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान से जुड़े विषयों को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनके अनुसार, कांग्रेस ने कभी भी देश की विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों का सम्मान नहीं किया और न ही अपने शासनकाल में विकास को प्राथमिकता दी।

विकास के विरोध पर सवाल

सीएम योगी ने कहा कि जब देश और विशेष रूप से काशी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है, तब कुछ राजनीतिक दल जानबूझकर अड़चनें पैदा कर रहे हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी इसी तरह का माहौल बनाया गया था। उन्होंने कहा, 

'आज वही लोग विश्वनाथ कॉरिडोर में जाकर सुविधाजनक दर्शन कर रहे हैं और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद ले रहे हैं। इस परियोजना से पर्यटन और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिला है। यह बात पूरा देश समझता है, लेकिन कांग्रेस इसे समझने में विफल रही है।'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित मणिकर्णिका घाट निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में था। सतुआ बाबा आश्रम से मणिकर्णिका घाट तक रेड कार्पेट बिछाया गया, सुबह से ही यातायात प्रतिबंध लागू किए गए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घाट और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

विवाद की पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि मणिकर्णिका घाट पर माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा, मढ़ी और कथित तोड़फोड़ से जुड़े वायरल वीडियो सामने आने के बाद बीते कुछ दिनों से राजनीतिक माहौल गर्म है। कांग्रेस समेत कई संगठनों ने इन मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया है और सरकार पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप लगाए हैं।

सीएम योगी के घाट पर न जाने से इन विवादों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। विपक्ष इसे राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है, जबकि प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी तरह विकास कार्यों की समीक्षा पर केंद्रित था।

Leave a comment