वेनेजुएला में निकोलस मादुरो गुएरा ने अमेरिका की कार्रवाई को नकारते हुए जनता से 4 और 5 जनवरी को शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने देश की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया।
US-Venezuela Tensions: वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो गुएरा ने एक भावुक और कड़ा बयान जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में कहा कि कुछ लोग वेनेजुएला को धोखा दे रहे हैं और समय आने पर उनकी असलियत जनता के सामने आएगी। मादुरो गुएरा ने कहा, "इतिहास बताएगा कि गद्दार कौन था, इतिहास इसका खुलासा करेगा।"
गुएरा ने अपने समर्थकों से 4 और 5 जनवरी को सार्वजनिक आंदोलनों में भाग लेने का आह्वान किया ताकि वे नेताओं के इर्द-गिर्द इकट्ठा होकर एकता और नेतृत्व को मजबूत कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य देश की गरिमा और सम्मान की रक्षा करना है। उन्होंने कहा, "वे हमें कमजोर देखना चाहते हैं। हमें गुस्सा आता है, हमें दुख होता है, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। मैं अपनी जिंदगी, अपनी मां, सिलिया की कसम खाता हूं कि ऐसा नहीं होगा।"
अमेरिका का आरोप: गुएरा ड्रग्स नेटवर्क का सरगना
अमेरिका ने मादुरो गुएरा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमेरिकी फेडरल प्रॉसिक्यूटर ने कहा है कि गुएरा एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य सरगना है, जिसने वेनेजुएला से अमेरिका तक नशीले पदार्थ पहुंचाने के लिए सरकारी संपत्तियों, मिलिट्री और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया। अमेरिकी पक्ष का कहना है कि मादुरो गुएरा और उनका परिवार इस नेटवर्क के संचालन में सीधे शामिल हैं और वे इसके लिए सत्ता और संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं।

निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिका में हिरासत में रखा गया है। उन्हें 5 जनवरी 2026 को न्यूयॉर्क के फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमेरिका ने उन पर नारको-टेररिज्म और ड्रग्स तस्करी की साजिश के गंभीर आरोप लगाए हैं। यह कदम अमेरिका की विदेश नीति और वेनेजुएला के खिलाफ उनके सैन्य और कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है।
डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं अंतरिम राष्ट्रपति
निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में नियुक्त किया गया है। डेल्सी रोड्रिग्ज मादुरो की सबसे भरोसेमंद सहयोगी मानी जाती हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता देने की बात कही है।
डेल्सी रोड्रिग्ज पहले से ही अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के तहत हैं। वे मादुरो सरकार में एक अहम चेहरा रही हैं और उनका प्रशासनिक अनुभव उन्हें इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में कार्य करने में सक्षम बनाता है। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि उनकी नियुक्ति से वेनेजुएला में राजनीतिक स्थिरता कायम की जा सकती है और अमेरिका की ऊर्जा और सुरक्षा हितों की रक्षा हो सकती है।
विरोध प्रदर्शन तेज
मादुरो गुएरा ने कहा कि अमेरिकी कार्रवाई से वेनेजुएला के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लें और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करें। उनका कहना है कि यह समय वेनेजुएला की एकता और गरिमा को साबित करने का है।











