भारत की विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम मंगलवार शाम दिल्ली पहुंच गई, जिसकी कप्तानी हरमनप्रीत कौर कर रही हैं। टीम आज, बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम आज मुंबई से दिल्ली पहुंची, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया। दिल्ली आगमन के अगले दिन यानी आज टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में आई टीम को दिल्ली पहुंचते ही ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली के होटल ताज पैलेस में टीम और सपोर्ट स्टाफ का स्वागत किया गया, जहां जेमिमा रोड्रिग्स, राधा यादव और स्नेह राणा ने ढोल की थाप पर जश्न मनाया। मौके पर मौजूद प्रशंसकों ने भी हाथों में ताली और नारों के साथ टीम का उत्साहवर्धक स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार शाम, अपने आवास पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री टीम को विशेष सम्मान समारोह में सम्मानित करेंगे और उनकी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाएंगे। टीम की यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत में ऐतिहासिक मानी जा रही है। रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले के बाद हराया, और इस जीत के साथ पहली बार महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की।
टीम को दिल्ली लाने के लिए स्टार एयर की विशेष चार्टर फ्लाइट (एस5, 8328) का इंतजाम किया गया था। राजधानी में आगमन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने टीम बस और मार्ग की जांच की, जबकि डॉग स्क्वायड ने किसी भी संभावित खतरे की तलाश की। हालांकि, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के जनरल एविएशन टर्मिनल पर सुरक्षा कारणों से आम जनता को प्रवेश की अनुमति नहीं थी। केवल मीडिया कर्मियों को ही टीम का आगमन कवर करने की अनुमति मिली।












