राजधानी दिल्ली में अब मौसम ने पूरी तरह से करवट ले ली है। सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर साफ महसूस किया जा सकता है। तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों ने अपने गर्म कपड़े और रजाइयां निकाल ली हैं। कई इलाकों में लोग अब गर्म पानी से नहाना भी शुरू कर चुके हैं।
Weather Update: अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उत्तरी भारत के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में गिरावट और हल्की बारिश की संभावना के चलते लोगों ने अब ठंड का एहसास करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि दिल्ली और बिहार में तापमान स्थिर रहेगा लेकिन सुबह-शाम की सिहरन बढ़ेगी।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी ठंड, नवंबर से और गिरेगा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम में बदलाव साफ तौर पर महसूस किया जा सकता है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड और सर्द हवाएं चल रही हैं। लोग अब गर्म कपड़े निकालने लगे हैं और कई जगहों पर हीटर और गीजर का इस्तेमाल भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आने वाले 24 घंटे के दौरान आसमान साफ रहेगा, हालांकि दोपहर के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं।
- अधिकतम तापमान: 29°C से 31°C
- न्यूनतम तापमान: 17°C से 19°C
- हवा की रफ्तार: सुबह 5 किमी/घंटा, दोपहर में 10 किमी/घंटा
1 नवंबर से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवात मोंथा (Cyclone Mountha) के प्रभाव से उत्तरी भारत के तापमान में अचानक गिरावट देखने को मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क है, लेकिन आने वाले दिनों में पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़ और प्रयागराज जैसे जिलों में अगले 48 घंटों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की चेतावनी दी गई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश यानी मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा।
सुबह और शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा देखा जा सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पूर्वी यूपी में अगले हफ्ते तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जिससे सर्दी की शुरुआत तेज हो जाएगी।
बिहार में तापमान रहेगा स्थिर, लेकिन सिहरन बढ़ेगी
बिहार में इस समय तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड अब महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। पटना, गया, भागलपुर और दरभंगा में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, 1 नवंबर के बाद बिहार के कुछ दक्षिणी जिलों में हल्के बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, जिससे सर्दी बढ़ने की संभावना है।
राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश का असर जारी
राजस्थान में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद अब हल्की फुहारें और बादल बने रहने की संभावना है। जयपुर, अजमेर और कोटा में दिन का तापमान सामान्य रहेगा लेकिन रातें ठंडी होंगी। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में चक्रवाती हवाओं के कारण बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मुंबई, पुणे और सूरत में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
यह स्थिति 48 घंटे तक बनी रह सकती है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में अब तापमान में गिरावट शुरू हो चुकी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले सप्ताह से ठंडी हवाओं का असर और तेज़ होगा और नवंबर के पहले सप्ताह से दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में ठंड की शुरुआत हो जाएगी।













