यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की अमेरिका पहुंचे और कहा कि उनका देश आजादी के लिए लड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस को यह युद्ध खत्म करना होगा। जेलेंस्की की राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात भी तय है।
US: यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की अमेरिका पहुंच चुके हैं। वॉशिंगटन में वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन आजादी के लिए लड़ रहा है और रूस को यह जंग खत्म करनी ही होगी। उन्होंने स्थायी शांति की जरूरत पर जोर दिया।
अमेरिका पहुंचे जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमीर जेलेंस्की अमेरिका पहुंच गए हैं। उन्होंने वॉशिंगटन पहुंचने की जानकारी खुद साझा की और बताया कि उनकी मुलाकात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होगी। इसके साथ ही उनकी बातचीत यूरोपीय नेताओं के साथ भी तय है।
जेलेंस्की ने राष्ट्रपति ट्रंप का निमंत्रण देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया चाहती है यह युद्ध जल्द और सुरक्षित तरीके से खत्म हो।
'स्थायी शांति जरूरी'
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन केवल युद्ध खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि स्थायी शांति के लिए लड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछली बार जैसी शांति अब स्वीकार्य नहीं है, जब यूक्रेन को क्रीमिया और पूर्वी हिस्से डोनबास को छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था। रूस ने उन इलाकों को नए हमले की तैयारी का अड्डा बना लिया। इसलिए इस बार स्थायी और असली शांति ही लक्ष्य होना चाहिए।
'सुरक्षा गारंटी पहले भी मिली, लेकिन बेअसर रही'
जेलेंस्की ने 1994 की घटना का जिक्र किया, जब यूक्रेन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'सुरक्षा गारंटी' दी गई थी। उन्होंने कहा कि यह गारंटी काम नहीं आई।
जेलेंस्की ने साफ कहा कि क्रीमिया को कभी छोड़ा नहीं जाना चाहिए था। जैसे 2022 के बाद यूक्रेनियों ने कीव, ओडेसा या खारकीव को नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि देश के किसी हिस्से से समझौता नहीं किया जा सकता।
'यूक्रेन अपनी आजादी के लिए लड़ रहा है'
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दोहराया कि उनका देश आजादी के लिए लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब हमारे सैनिक डोनेट्स्क और सुमी क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि यूक्रेन अपनी रक्षा करेगा, सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और हमेशा अमेरिका, राष्ट्रपति ट्रंप और अन्य साझेदारों के समर्थन के लिए आभारी रहेगा।
'रूस को खत्म करनी होगी जंग'
जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यह युद्ध शुरू किया था और अब उसे ही इसे खत्म करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिका और यूरोपीय देशों की साझी ताकत रूस को असली शांति के लिए मजबूर करेगी।
उनके अनुसार यूक्रेन का संघर्ष केवल अपने लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता के लिए है।
ट्रंप से मुलाकात पर सभी की नजरें
जेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात पर वैश्विक स्तर पर नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में यूक्रेन को और मजबूत सैन्य व आर्थिक समर्थन देने पर चर्चा होगी।
यूरोपीय नेताओं से भी बातचीत
जेलेंस्की की यात्रा के दौरान उनकी बातचीत यूरोपीय नेताओं के साथ भी होगी। यूरोप पहले से ही रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगा चुका है। अब उम्मीद है कि इन वार्ताओं में प्रतिबंधों को और प्रभावी बनाने और यूक्रेन को मानवीय व सैन्य मदद बढ़ाने पर चर्चा होगी।