भारत में गैस-सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुरक्षित, अफवाहों में न आएं, लोकसभा में बोले हरदीप पुरी

भारत में गैस-सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुरक्षित, अफवाहों में न आएं, लोकसभा में बोले हरदीप पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में कहा कि भारत में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। देश 40 देशों से क्रूड ऑयल आयात करता है और एलपीजी उत्पादन 28% बढ़ा दिया गया है।

New Delhi: लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश में एलपीजी संकट और ऊर्जा आपूर्ति पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत में गैस-सिलेंडर, तेल और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। देश वर्तमान में 40 देशों से कच्चा तेल (crude oil) आयात कर रहा है, जिससे आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि एलपीजी सिलेंडर पर पैनिक होने की कोई जरूरत नहीं है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।

वेस्ट एशिया संकट और होर्मुज स्ट्रेट

हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में वेस्ट एशिया में चल रहे संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट के हालात पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि इतिहास में पहली बार होर्मुज स्ट्रेट को कमर्शियल शिपिंग के लिए बंद किया गया। यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय तेल मार्केट पर प्रभाव डाल सकता है। 

हालांकि उन्होंने कहा कि भारत को किसी भी तरह की बाधा या संकट से निपटने के लिए पहले से पर्याप्त तैयारी कर ली गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की क्रूड ऑयल सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है और देश में किसी तरह की गैस या तेल की कमी नहीं होगी।

एलपीजी उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में यह भी बताया कि पिछले पांच दिनों में रिफाइनरी को दिए गए निर्देशों के तहत एलपीजी का उत्पादन 28% बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही भविष्य की खरीद प्रक्रिया भी सक्रिय रूप से चल रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की प्राथमिकता यह है कि देश के 33 करोड़ परिवारों, खासकर गरीब और जरूरतमंद नागरिकों की रसोई में किसी भी तरह की कमी न आए। घरेलू सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है और डिलीवरी साइकिल में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

बिजली उत्पादन और गैस आपूर्ति भी सुरक्षित

हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि बड़े LNG कार्गो रोजाना अन्य सप्लाई रास्तों से आ रहे हैं। देश में गैस उत्पादन और सप्लाई के ऐसे इंतजाम किए गए हैं कि लंबी अवधि तक संघर्ष या युद्ध की स्थिति में भी घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं को किसी तरह की समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब प्रोक्योरमेंट को विविध तरीके से किया जा रहा है और गैस कार्गो यूनाइटेड स्टेट्स, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से मंगाए जा रहे हैं। इसके कारण हर घर और इंडस्ट्री के लिए बिजली उत्पादन सुरक्षित रहेगा।

जनता को भरोसा देने का संदेश

हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में यह साफ किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति बनाने की कोशिश अस्वीकार्य है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों में न फंसें और जरूरत से अधिक एलपीजी स्टॉक करने से बचें। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हमेशा घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके लिए उत्पादन, आयात और सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह मॉनिटर किया जा रहा है।

भारत ने ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भी ध्यान दिया है। मंत्री ने बताया कि 40 देशों से क्रूड ऑयल का आयात और LNG कार्गो की विविधता भारत को किसी भी वैश्विक संकट से निपटने में सक्षम बनाती है। यह रणनीति न केवल घरेलू बाजार में स्थिरता बनाए रखेगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में भारत की ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।

Leave a comment