टीवी शो ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया की भूमिका निभाकर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने वाले गौरव खन्ना आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। हाल ही में उन्होंने बिग बॉस 19 का खिताब अपने नाम किया है।
मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ को खत्म हुए भले ही काफी समय बीत चुका हो, लेकिन इसके विनर गौरव खन्ना लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। टीवी की दुनिया में एक मजबूत पहचान बना चुके गौरव के लिए यह साल उपलब्धियों से भरा रहा है। अब बिग बॉस की ट्रॉफी जीतने के बाद उनके हाथ एक ऐसा बड़ा प्रोजेक्ट लगा है, जिसे वह खुद अपने करियर का खास मुकाम मान रहे हैं।
टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया के किरदार से घर-घर में मशहूर हुए गौरव खन्ना किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने रियलिटी शोज़ में भी अपनी प्रतिभा साबित की है। बिग बॉस 19 से पहले वह ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ का खिताब भी जीत चुके हैं। इन जीतों ने गौरव को न सिर्फ लोकप्रिय बनाया, बल्कि इंडस्ट्री में उनकी मांग भी बढ़ा दी।
बिग बॉस के बाद नया सफर
बिग बॉस 19 जीतने के बाद गौरव खन्ना ने अपने फैंस से जुड़ने के लिए यूट्यूब चैनल की शुरुआत की। इस चैनल के जरिए वह अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े अपडेट्स साझा करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक नया वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने आने वाले बड़े प्रोजेक्ट की जानकारी दी और कुछ दिलचस्प खुलासे भी किए।
वीडियो में गौरव ने बताया कि बिग बॉस 19 में जीत के साथ उन्हें जो कार इनाम में मिली थी, वह अभी तक उन्हें नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में शेयर किया और फैंस के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए।

पहली बार इतने बड़े इवेंट की मेजबानी
अपने यूट्यूब वीडियो में गौरव खन्ना ने बताया कि वह एक भव्य और खास इवेंट को होस्ट करने जा रहे हैं। वीडियो की शुरुआत उन्होंने अपने घर से की, जहां वह इस इवेंट की तैयारी करते दिखे। गौरव ने कहा,
'मैं पहली बार किसी ऐसे इवेंट को होस्ट कर रहा हूं, जो बिल्कुल अलग स्तर का है। इसकी स्क्रिप्ट बहुत बड़ी है और मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं किसी परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं।'
उन्होंने आगे बताया कि इस इवेंट में वह घोड़े पर सवार होकर मंच पर एंट्री करेंगे। इवेंट के दौरान दो शो होंगे और हर शो में करीब 40 हजार दर्शक मौजूद रहेंगे। गौरव के मुताबिक, यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और चुनौतीपूर्ण है।
रिलायंस फैमिली शो की मेजबानी
गौरव खन्ना ने खुलासा किया कि वह इस साल रिलायंस फैमिली शो को होस्ट कर रहे हैं, जो हर साल धीरूभाई अंबानी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा, यह मेरा सौभाग्य है कि इस साल मुझे यह मौका मिला। पहले भी एक-दो बार बात हुई थी, लेकिन तब संभव नहीं हो पाया था। इस बार सब कुछ सही रहा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह शो टीवी पर प्रसारित नहीं होगा, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर उनके लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है। गौरव के मुताबिक, ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर होस्टिंग करना उनके करियर का अहम पड़ाव है। वीडियो में गौरव के साथ प्रणित मोरे भी नजर आए। दोनों ने साथ डिनर किया और बिग बॉस 19 के दिनों को याद किया। इस दौरान मजेदार बातचीत भी देखने को मिली। जब गौरव ने प्रणित को चम्मच-कांटे से खाना खाते देखा तो मजाक में पूछा कि क्या यह बिग बॉस का असर है। इस पर प्रणित ने हंसते हुए जवाब दिया, मैं अमीर हो गया हूं।












