चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में जातिगत समीकरण खत्म करने का संदेश दिया। उनका कहना है कि पार्टी का फोकस महिला-युवा (M-Y) एजेंडा, विकास, रोजगार और जनता की समस्याओं पर रहेगा।
Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में जातिगत समीकरणों पर निर्भर राजनीति को खत्म करने का जोरदार संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की राजनीति का आधार जाति नहीं, बल्कि बिहारी पहचान और महिला-युवा (M-Y) एजेंडा है। चिराग ने विपक्ष पर मुद्दों से विहीन होने और मतदाता सूची संशोधन को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
बिहार की राजनीति में पहचान आधारित एजेंडा
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट की सोच पर काम कर रही है। उनका मानना है कि बिहार की राजनीति में अब जातिगत धुर्वीकरण की बजाय पहचान आधारित समावेशी विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, "हमारा एजेंडा महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखते हुए बिहार के हर नागरिक को राजनीतिक प्रक्रिया में शामिल करना है।"
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष लगातार ईवीएम और मतदाता सूची में खामियों को मुद्दा बनाकर अपने चुनावी असफलताओं का दोष अन्यत्र डालता रहा है। उन्होंने एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी करने पर विपक्ष के विरोध को अनावश्यक बताया। पासवान ने कहा कि कई दिवंगत लोगों के नाम अब भी सूची में थे, जिन्हें हटाने का काम किया गया है और विसंगतियाँ अब कम हो गई हैं।
तेजस्वी यादव पर तंज
चिराग पासवान ने पटना में संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी जातिगत समीकरणों की राजनीति नहीं करती। उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी लगातार जाति आधारित राजनीति करते रहते हैं। पासवान ने कहा, "तेजस्वी यादव के दिमाग में ईबीसी, ओबीसी, दलित और अन्य जातियां हो सकती हैं, लेकिन हमारे लिए बिहार की जनता सिर्फ बिहारी है। जो नेता M-Y का तमगा पहनते हैं, वे जाति आधारित राजनीति करते रहेंगे।"
चिराग ने स्पष्ट किया कि उनका M-Y समीकरण महिला और युवा है। उन्होंने इसे पार्टी की नई सोच और नई पहचान बताया। पासवान ने कहा कि बिहार में आने वाला बदलाव महिलाओं और युवाओं की भागीदारी से होगा। युवा और महिलाएं ही बिहार के भविष्य को नई दिशा देंगे।
विकास, रोजगार और जनता की समस्याएं प्राथमिकता
चिराग पासवान ने यह भी कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य बिहार के हर नागरिक को राजनीतिक प्रक्रिया में सम्मानपूर्वक शामिल करना है। उनका फोकस जनता की समस्याओं, विकास और युवाओं के लिए रोजगार पर रहेगा। उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि बिहार की राजनीति में महिलाओं और युवाओं की ताकत को केंद्र में रखा जाए। यही वर्ग आने वाले बिहार को नई दिशा देगा।"