बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आपत्ति को पूरी तरह खारिज करते हुए उन पर तीखा हमला बोला।
पटना: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी बयानबाजी भी तेज हो रही है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की तेजतर्रार सांसद शांभवी चौधरी ने विपक्षी दलों पर जबरदस्त हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मतदाता सूची रिवीजन पर जताई आपत्ति को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की संभावित हार का बहाना भर है।
शांभवी चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, राहुल गांधी खुद पहले मतदाता सूची के पुनरीक्षण की मांग कर चुके हैं। जब पारदर्शिता के लिए यह प्रक्रिया शुरू हुई, तो अब इसे लेकर आपत्ति जताना समझ से परे है। लगता है राहुल गांधी बिहार में अपनी हार पहले ही मान चुके हैं और बहाने गढ़कर जनता को भ्रमित करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का रिवीजन लोकतंत्र का सामान्य और आवश्यक हिस्सा है, ताकि मृत मतदाताओं के नाम हटाए जा सकें और नए योग्य मतदाताओं को जोड़ा जा सके। उन्होंने इसे पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बताया।
केजरीवाल पर भी बोला हमला
सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शांभवी चौधरी के निशाने पर आए। दरअसल, केजरीवाल ने हाल में बिहार में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। इस पर पलटवार करते हुए शांभवी ने कहा, कोई भी देश के किसी भी हिस्से से चुनाव लड़ सकता है, यह लोकतंत्र की ताकत है। लेकिन दिल्ली की जो हालत केजरीवाल ने कर दी, वह बिहार में न दोहराएं। दिल्ली में गंदगी, भ्रष्टाचार और बुरी सेवाओं का नमूना बन चुका है, बिहार उसकी नकल नहीं करना चाहता।
शांभवी चौधरी ने तल्ख लहजे में कहा, दिल्ली को तो बर्बाद कर दिया, अब बिहार को बख्श दो। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। लोग केजरीवाल की खोखली राजनीति में नहीं फंसने वाले हैं।
पीएम मोदी को घाना में सम्मान मिलने पर जताया गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है, जिस पर भी शांभवी चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह केवल नरेंद्र मोदी का सम्मान नहीं, बल्कि हर भारतीय का सम्मान है। आज पूरी दुनिया भारत को गंभीरता से सुनती है और घाना जैसे देश का सर्वोच्च सम्मान इस बात का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह विश्वपटल पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है, वह ऐतिहासिक है। घाना जैसे अफ्रीकी देश का सम्मान भारत की बढ़ती साख का प्रमाण है, जिससे हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।
बिहार चुनाव से पहले गर्म हुई राजनीति
शांभवी चौधरी के इन बयानों से साफ है कि बिहार में चुनावी जंग अब तीखी होती जा रही है। मतदाता सूची रिवीजन, गठबंधन समीकरण और नए-नए चेहरों की एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं। विपक्ष जहां इस प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहा है, वहीं भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियां इसे लोकतांत्रिक मजबूती का हिस्सा बता रही हैं।
शांभवी चौधरी का बयान आने वाले समय में सियासी तापमान और बढ़ा सकता है। खासकर अरविंद केजरीवाल के बिहार में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद लोजपा (रामविलास) जैसे एनडीए घटक दल साफ संदेश देना चाहते हैं कि बिहार की राजनीति बाहरी नारों से प्रभावित नहीं होने वाली।