देशभर में दीपावली के त्योहार की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में खरीदारी का माहौल काफी उत्साहपूर्ण है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से खास अपील की है।
लखनऊ: दीपावली का पर्व नजदीक है और देशभर में तैयारियां ज़ोरों पर हैं। बाजारों में रौनक लौट आई है, लोग घरों की सजावट और उपहारों की खरीदारी में जुटे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से एक खास अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि इस दीपावली पर स्वदेशी वस्तुएं खरीदें और भारतीय कारीगरों को सम्मान दें।
सीएम योगी की भावनात्मक अपील – स्वदेशी का संकल्प लें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा —
'मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, दीपावली का पावन पर्व निकट है। आप सभी उत्सव की तैयारियों में व्यस्त होंगे। इस व्यस्तता के बीच एक क्षण रुककर एक आवश्यक संकल्प लें — स्वदेशी का संकल्प। जब आप दीपावली की खरीदारी के लिए निकलें, तो यह ठान लें कि आप देश में निर्मित वस्तुएं ही खरीदेंगे। चाहे वे दीये हों, मोमबत्तियां हों, झालर हों या अन्य सजावटी वस्तुएं।'
सीएम योगी ने आगे कहा कि आपकी यह छोटी सी पहल लाखों कारीगरों, शिल्पकारों, कुम्हारों और स्थानीय दुकानदारों के जीवन में प्रकाश लाएगी। जब लोग देसी वस्तुएं खरीदेंगे, तो इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि उन लोगों की दीपावली भी रौशन होगी, जो पूरे साल अपने हुनर से इन वस्तुओं को तैयार करते हैं।
ये दिवाली, स्वदेशी वाली – उपहारों में भी अपनाएं देसी उत्पाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली उपहारों के लिए भी ‘स्वदेशी उत्पादों’ को प्राथमिकता दें। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत बनने वाले उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में देने का सुझाव दिया। योगी ने लिखा —
'ओडीओपी के उत्कृष्ट उत्पाद आपके उपहार को सबसे विशिष्ट बनाएंगे और हमारे प्रतिभाशाली कारीगरों के परिश्रम का उचित सम्मान भी करेंगे। स्मरण रहे — ये दीवाली, स्वदेशी वाली।'
सीएम योगी ने इस पोस्ट के साथ प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को मिला बढ़ावा
सीएम योगी की यह अपील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी बल देती है। योगी सरकार लंबे समय से स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य कर रही है। “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य हर जिले के पारंपरिक उत्पाद को वैश्विक पहचान दिलाना है।
- वाराणसी का बनारसी साड़ी उद्योग
- फिरोजाबाद का ग्लासवर्क
- कानपुर का लेदर प्रोडक्ट
- गोरखपुर का टेराकोटा आर्टवर्क
विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। सीएम योगी का कहना है कि जब जनता इन उत्पादों को खरीदेगी, तो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और हजारों परिवारों को रोजगार भी मिलेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब हम स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करते हैं, तो हम न केवल भारतीय कारीगरों के कौशल का सम्मान करते हैं बल्कि देश के धन को भी देश के भीतर रखते हैं।












