छतरपुर में दहेज की बाइक को लेकर विवाद सामने आया है। पत्नी ने ससुराल पहुंचकर मारपीट की और बाइक ले गई। पीड़ित पति ने जान का खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
Madhya Pradesh: छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नए चंद्रपुरा मोहल्ले में दांपत्य विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां रहने वाले लक्ष्मण कुशवाहा की शादी 4 मार्च 2024 को रोशनी कुशवाहा से हुई थी। शादी के बाद दोनों करीब 10 महीने तक साथ रहे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय के साथ परिवार के बीच आपसी मतभेद बढ़ने लगे।
जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2024 को रोशनी का अपने सास-ससुर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रोशनी अपने पिता किशनलाल कुशवाहा के साथ ससुराल छोड़कर मायके चली गई। इसके बाद से पति-पत्नी अलग-अलग रहने लगे।
ससुराल पहुंचकर मारपीट
करीब 10 महीने बाद 2 जनवरी 2026 को यह मामला फिर से चर्चा में आया, जब रोशनी अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंची। आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही रोशनी और उसके साथ आए लोगों ने सास-ससुर से बहस शुरू कर दी। बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई।

इस दौरान दहेज में दी गई मोटरसाइकिल को लेकर भी विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की चाबी नहीं मिलने पर रोशनी ने दूसरी बाइक से दहेज की बाइक को बांधा और उसे जबरन अपने साथ ले गई। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ससुराल पक्ष के साथ धक्का-मुक्की और बाइक ले जाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।
पति ने जताया जान का खतरा
घटना के बाद पीड़ित पति लक्ष्मण कुशवाहा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। लक्ष्मण का कहना है कि उन्हें पत्नी और ससुराल पक्ष से जान का खतरा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ रहना चाहते हैं और अपना दांपत्य जीवन बचाना चाहते हैं। लक्ष्मण के अनुसार, उनके वैवाहिक जीवन में लगातार ससुराल पक्ष का हस्तक्षेप होता रहा, जिससे घर में तनाव और झगड़े बढ़ते गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण उनका वैवाहिक जीवन खराब हुआ और अब उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के दौरान क्या-क्या हुआ। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग घरेलू विवादों के इस तरह सड़कों पर आने पर चिंता जता रहे हैं।










