राजधानी दिल्ली में सर्दी ने दस्तक दे दी है और तापमान लगातार नीचे जा रहा है। हर नई सुबह पिछले दिनों की तुलना में और ठंडी महसूस हो रही है। लोगों ने अब गर्म कपड़े पहनने और अन्य एहतियाती उपाय अपनाने शुरू कर दिए हैं।
Weather Update: भारत में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी ने दस्तक दे दी है, वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए बारिश, बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट को लेकर चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं देश के प्रमुख राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का हाल।
दिल्ली-एनसीआर: ठंड ने दी दस्तक, बूंदाबांदी की संभावना
दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र (गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद, गाज़ियाबाद) में अब मौसम में ठंडक घुल चुकी है। हर नई सुबह पिछली सुबह से ज्यादा ठंडी महसूस हो रही है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
- अधिकतम तापमान: 29-31°C
- न्यूनतम तापमान: 17-19°C
IMD के मुताबिक, सुबह के समय लगभग 5 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जो दोपहर तक 10 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। दिन ढलते-ढलते हवा की गति कम हो जाएगी। मौसम विभाग ने हल्की बूंदाबांदी या बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इससे हवा की गुणवत्ता में भी हल्का सुधार देखने को मिल सकता है। सुबह और रात के समय हल्के गर्म कपड़ों का उपयोग करें, क्योंकि ठंड अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।

उत्तर प्रदेश: पूर्वी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है, लेकिन मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि 30 और 31 अक्टूबर को पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी या हल्की बारिश हो सकती है। IMD का कहना है कि आने वाले दो दिनों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है।
वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया जैसे जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बिहार में अगले 48 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला है। अधिकतम तापमान लगभग 30°C, न्यूनतम तापमान 18-20°C के बीच रह सकता है। राज्य के कुछ दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
राजस्थान: बारिश में कमी, लेकिन दक्षिण-पूर्व में बनी रहेगी गतिविधि
राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 29 अक्टूबर से बारिश में कमी आएगी। हालांकि दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी भागों में अगले 4-5 दिन तक हल्की-मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद अगले सप्ताह राज्य में मौसम स्थिर रहने की संभावना है।

उदयपुर, कोटा, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ क्षेत्रों में बादल छाए रहने की उम्मीद है। IMD ने गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। अगले 5 दिनों तक कुछ इलाकों में बिजली गिरने और बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी। साथ ही, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
IMD के अनुसार, तेलंगाना, तमिलनाडु, रायलसीमा, केरल और लक्षद्वीप क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। तेलंगाना में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं आंध्र प्रदेश और यनम में 29-31 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और बौछारों की संभावना जताई गई है।
 
                                                                        
                                                                             
                                                












