Columbus

दिल्ली में जन सेवा केंद्र का सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन, कहा– 'राजधानी का चेहरा तेजी से बदल रहा'

दिल्ली में जन सेवा केंद्र का सीएम रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन, कहा– 'राजधानी का चेहरा तेजी से बदल रहा'

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कालकाजी में जन सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों में राजधानी में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और इसका असर अब साफ नजर आने लगा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने सीवरेज व्यवस्था, जल निकासी, सड़क मरम्मत, जल आपूर्ति और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अहम क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली के विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

नारी शक्ति को समर्पित आयोजन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम को 'नारी शक्ति' को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यहां विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री—तीनों ही महिलाएं हैं, जो महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का स्पष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा रॉय की 30 वर्षों से जारी सेवा भावना की सराहना की और दिल्ली में बीजेपी की ट्रिपल इंजन सरकार को जनता की एकजुटता और जनसंकल्प का परिणाम बताया।

बाजार रहेंगे 24x7 खुले

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर व्यापारियों के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली के बाजार 24x7 खुले रह सकेंगे, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू करेगी, जिससे व्यापारियों को लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

विकसित दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ रही राजधानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राजधानी के नागरिकों की छोटी-छोटी जरूरतों को भी गंभीरता से लेती है—चाहे वह नाली की सफाई हो, गली की मरम्मत हो या जल निकासी की समस्या। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर मोर्चे पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देगी। रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन का जिक्र करते हुए ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Leave a comment