Columbus

एशिया कप 2025: भारतीय महिला हॉकी टीम की पहली हार, चीन ने 4-1 से जीता मुकाबला

एशिया कप 2025: भारतीय महिला हॉकी टीम की पहली हार, चीन ने 4-1 से जीता मुकाबला

चीन के हांगझोऊ में महिला हॉकी एशिया कप का आयोजन चल रहा है। सुपर-4 के मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम को चीन के हाथों 4-1 से हार का सामना करना पड़ा।

स्पोर्ट्स न्यूज़: महिला हॉकी एशिया कप 2025 में भारतीय टीम को सुपर-4 चरण के मुकाबले में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। चीन के खिलाफ खेले गए मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम को 4-1 से हार का सामना करना पड़ा। भारत की तरफ से केवल मुमताज खान ही गोल कर पाईं, जबकि बाकी खिलाड़ी गोल करने में सफल नहीं हो पाईं। इस हार के साथ ही भारत का अपराजेय रिकॉर्ड टूर्नामेंट में टूट गया।

चीन की टीम ने दिखाया आक्रामक रुख

चीन की महिला हॉकी टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के चौथे मिनट में झोउ मेइरोंग ने गोल कर चीन को बढ़त दिला दी। इसके बाद 31वें मिनट में चेन यांग ने दूसरा गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। भारत ने 39वें मिनट में मुमताज खान के गोल से स्कोर 2-1 किया, जिससे टीम की उम्मीदें थोड़ी जीवित हुईं, लेकिन भारत दूसरा गोल नहीं कर पाई।

भारतीय टीम को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन किसी भी मौके का फायदा नहीं उठा सकी। दसवें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन चीन के डिफेंडरों ने गोल होने नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।तीसरे क्वार्टर के पहले ही मिनट में चीन ने तीसरा गोल दागकर दबाव और बढ़ा दिया। आखिरी क्वार्टर में 47वें मिनट में चीन ने मिले पेनल्टी कॉर्नर का गोल में कन्वर्ज़न कर स्कोर 4-1 कर दिया। भारतीय टीम के लिए यह मैच मौकों का फयदा नहीं उठाने और कुछ अहम गलतियों की वजह से हार का कारण बना।

भारतीय टीम का पहले का प्रदर्शन

भारत सुपर-4 में इस मैच से पहले अपराजेय रही थी। पूल चरण में भारतीय टीम ने थाईलैंड और सिंगापुर को हराया और जापान के साथ ड्रॉ खेला। सुपर-4 के पहले मुकाबले में कोरिया को 4-2 से हराकर भारत ने अच्छी शुरुआत की थी। इस हार के बावजूद टीम का प्रदर्शन संतोषजनक माना जा रहा है, लेकिन चीन के खिलाफ मिली हार ने टीम को फाइनल की राह में चुनौतीपूर्ण स्थिति में डाल दिया है।

भारतीय महिला हॉकी टीम का अगला मुकाबला जापान के खिलाफ है। यदि भारत यह मैच जीतती है, तो टीम 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में जगह पक्की कर लेगी। एशिया कप 2025 का विजेता टीम सीधे 2026 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगा, जो बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होगा।

Leave a comment