घर के बाहर व्यापारी से लूट: बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर 2 लाख का बैग छीना

घर के बाहर व्यापारी से लूट: बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर 2 लाख का बैग छीना

उपरलापाडा क्षेत्र में व्यापारी ओमप्रकाश बजाज से घर के बाहर बदमाशों ने लूट की। आंखों में मिर्ची डालकर करीब दो लाख रुपए का बैग छीना गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV के आधार पर जांच शुरू की।

Rajasthan: शहर के उपरलापाडा क्षेत्र में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यापारी के साथ उनके घर के बाहर ही लूट की घटना हो गई। गोलप्याऊ चौराहे के पास स्थित स्वाति सेल्स के मालिक ओमप्रकाश बजाज दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर पहुंचे थे। जैसे ही वे घर के बाहर स्कूटी खड़ी कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार बदमाश वहां आ धमके।

अचानक बदमाशों ने व्यापारी की आंखों में मिर्ची डाल दी। आंखों में तेज जलन होने से व्यापारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश उनके हाथ में मौजूद रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैग में करीब दो लाख रुपए नकद थे।

चीख-पुकार सुनकर जुटे लोग

अचानक हुई इस घटना से ओमप्रकाश बजाज घबरा गए और आंखों में तेज जलन के कारण जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने व्यापारी को संभाला और उन्हें पानी से आंखें धोने में मदद की।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी देखी गई।

थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर

सूचना मिलने पर डीएसपी बृजेश सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी तुलसीराम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यापारी से पूरी घटना की जानकारी ली।

घायल व्यापारी ओमप्रकाश बजाज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी आंखों का उपचार किया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर इलाके में नाकाबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

CCTV फुटेज में दिखे तीन संदिग्ध युवक

पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक स्थान पर लगे कैमरे में बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। संभव है कि उन्होंने दुकान बंद करने के बाद व्यापारी का पीछा किया और सुनसान मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

इस लूट के मामले में व्यापारी के भतीजे गिरिराज पुत्र कृष्ण गोपाल बजाज की ओर से कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। CCTV फुटेज, आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत सूचना दें।

Leave a comment