गोरखपुर में महिला फंदे से लटकी मिली, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

गोरखपुर में महिला फंदे से लटकी मिली, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी में गुरुवार रात एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान सुष्मिता सिंह के रूप में हुई है। सुष्मिता की शादी वर्ष 2021 में शाहपुर क्षेत्र निवासी शनि राव से हुई थी। दंपती का एक दो वर्षीय बेटा भी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा किया।

मृतका की बहन मुस्कान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सुष्मिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पति शराब के नशे में मारपीट करता था और ससुराल पक्ष लगातार दबाव बनाता था। बहन का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही सुष्मिता ने फोन कर प्रताड़ना की बात बताई थी और मायके आने की इच्छा जताई थी।

पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment