प्रयागराज के कल्याण ज्वैलर्स शोरूम से 4 महिलाएं 14 लाख के गहने चुरा ले गईं। वारदात सिर्फ 14 मिनट में हुई और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस FIR दर्ज कर जांच में जुटी है।
Uttar pradesh: 31 दिसंबर को सिविल लाइंस के सरदार पटेल मार्ग पर स्थित कल्याण ज्वैलर्स शोरूम में 4 महिलाएं बच्चों के साथ पहुंचीं। उन्होंने शोरूम में एंट्री करते ही प्लान के अनुसार एक महिला ने सेल्समैन को अपनी बातों में उलझा लिया। बाकी तीन महिलाएं पास के काउंटर पर लगी कुर्सियों पर बैठ गईं। इस तरह उनका ध्यान सेल्समैन से हट गया और उन्होंने चोरी का मौका देखा।
डिस्प्ले पैड में 12 जोड़ी ईयर-रिंग चोरी
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि हरे रंग की साड़ी पहने एक महिला धीरे-धीरे ईयररिंग डिस्प्ले पैड उठा लेती है। पैड में कुल 12 जोड़ी ईयर-रिंग थीं। वह इसे अपनी बाईं ओर बैठी साथी को देती है, जिसने शॉल में छिपा लिया।

इस दौरान पहली महिला सेल्समैन को ज्वैलरी दिखाने में व्यस्त रखती रही। इस पूरी वारदात में मात्र 14 मिनट लगे। 4:16 बजे शोरूम में प्रवेश कर 4:30 बजे चारों महिलाएं पैड लेकर बाहर निकल गईं।
शोरूम मैनेजर ने FIR दर्ज कराई
शोरूम के मैनेजर शहान खान ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह शोरूम अनंत ज्वैलर्स की फ्रेंचाइजी है, और चोरी गए पैड की कीमत लगभग 14 लाख रुपए आंकी गई है।
शोरूम में 12 जोड़ी ईयररिंग चोरी हुईं, जिन्हें महिलाएं शॉल में छुपाकर ले गईं। मैनेजर ने बताया कि महिलाओं ने बच्चों के बहाने किसी को शक नहीं होने दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है। शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज के साथ आसपास के कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।
प्रभारी ने कहा कि जांच में पूरी वारदात को विस्तार से देखा जा रहा है ताकि महिलाओं को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।













