जयपुर में हैरान करने वाला मामला: युवक के पेट से निकले 7 टूथब्रश और 2 लोहे के औजार

जयपुर में हैरान करने वाला मामला: युवक के पेट से निकले 7 टूथब्रश और 2 लोहे के औजार
AI IMAGE

जयपुर में पेट दर्द से पीड़ित युवक के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट से 9 लोहे के पाने और टूथब्रश निकाले। मानसिक परेशानी के चलते युवक ने ये वस्तुएं निगली थीं, समय पर सर्जरी से जान बच सकी।

Jaipur: जयपुर में एक हैरान करने वाला मेडिकल मामला सामने आया है। भीलवाड़ा से आए 26 वर्षीय युवक को अचानक तेज पेट दर्द हुआ, जिसके बाद उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जब उसकी हालत की जांच की तो पेट दर्द का कारण जानकर सभी चौंक गए। 

सोनोग्राफी जांच के दौरान युवक के पेट में कई ऐसी चीजें दिखाई दीं, जो सामान्य तौर पर शरीर के अंदर नहीं होनी चाहिए थीं। रिपोर्ट में लोहे के पाने और टूथब्रश जैसी वस्तुएं नजर आईं। इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन का फैसला लिया।

एंडोस्कोपी से नहीं निकली वस्तुएं

अस्पताल के सीनियर गैस्ट्रो सर्जन डॉ. तन्मय पारीक ने बताया कि शुरुआत में एंडोस्कोपी के जरिए इन वस्तुओं को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। वस्तुएं आकार में बड़ी और संख्या में ज्यादा थीं, जिससे ओपन सर्जरी ही एकमात्र विकल्प बचा।

26 दिसंबर को ही युवक का ऑपरेशन किया गया। करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक चली सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट से कुल 9 वस्तुएं निकालीं, जिनमें 2 लोहे के पाने और 7 टूथब्रश शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थेटिस्ट डॉ. आलोक वर्मा और मेडिकल स्टाफ की टीम मौजूद रही।

मानसिक परेशानी के कारण निगली थीं वस्तुएं

डॉक्टरों ने बताया कि सर्जरी के बाद युवक की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा है। बातचीत में यह बात सामने आई कि युवक मानसिक रूप से परेशान रहता है। इसी मानसिक स्थिति के चलते उसने खाने योग्य न होने वाली चीजें निगल ली थीं।

डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के मामलों में समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है, क्योंकि पेट में ऐसी वस्तुएं जानलेवा भी साबित हो सकती हैं। फिलहाल युवक को निगरानी में रखा गया है और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह भी दी जा रही है।

Leave a comment