सीकर में शनिवार रात दो घंटे में पांच लूट की घटनाओं से सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। नशे के लिए लूट की साजिश रची गई थी।
Sikar: सीकर शहर में शनिवार रात अपराधियों ने बेखौफ होकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया। महज दो घंटे के अंदर अलग-अलग इलाकों में पांच लोगों से मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई। इन घटनाओं के बाद शहर में डर का माहौल बन गया। सभी वारदातें स्कूटी और बाइक सवार बदमाशों ने कीं और घटना के तुरंत बाद फरार हो गए।
पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, गश्त तेज कर दी गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस को दो बदमाशों को पकड़ने में सफलता मिली, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
हॉस्टल के बाहर बैठे युवक से छीना महंगा मोबाइल
पहली वारदात जयपुर रोड पर बालाजी धर्म कांटा के पीछे स्थित हॉस्टल में सामने आई। यहां रहने वाला विकास खाना खाने के बाद हॉस्टल के बाहर सीढ़ियों पर बैठा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन बदमाश उसके पास पहुंचे।
आरोपियों ने पहले रास्ता पूछने का बहाना बनाया और बातचीत में उलझा लिया। जैसे ही मौका मिला, बदमाशों ने विकास से करीब 40 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। विकास को कुछ समझ आता, उससे पहले ही आरोपी तेज रफ्तार में निकल चुके थे।
इंडस्ट्रियल एरिया में कर्मचारी से मारपीट कर लूट
इसी तरह की लूट की घटनाएं अनवर, विक्रम मीणा और अमित दुबे के साथ भी अलग-अलग इलाकों में हुईं। सबसे गंभीर मामला रीको इंडस्ट्रियल एरिया का रहा, जहां एक निजी संस्थान में काम करने वाले कर्मचारी को निशाना बनाया गया।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो बदमाश पैदल चलते हुए कर्मचारी का पीछा करते हैं, जबकि उनका तीसरा साथी स्कूटी लेकर आगे खड़ा रहता है। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद दोनों बदमाश कर्मचारी का गला दबाकर उसे साइड में ले जाते हैं और मोबाइल व नकदी छीन लेते हैं। इसके बाद तीनों आरोपी स्कूटी पर बैठकर मौके से फरार हो जाते हैं।
नशे के लिए बनाया था लूट का प्लान
पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले सभी पांच आरोपी आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। इनमें से तीन आरोपी जयपुर के रहने वाले हैं, जबकि दो सीकर के निवासी हैं। नशे के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से इन युवकों ने एक साथ लूट की योजना बनाई थी। रात के समय सुनसान इलाकों को चुनकर उन्होंने लोगों को निशाना बनाया।
जब उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश बुडानिया को वारदातों की जानकारी मिली तो वे खुद पुलिस टीम के साथ बदमाशों का पीछा करने निकल पड़े। पुलिस ने मंडा इलाके में घेराबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया। हालांकि उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।












