भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को सपाट खुलने के बाद अंतिम घंटे में मुनाफावसूली से दबाव में आया। सेंसेक्स 313 अंक गिरकर 84,587 पर बंद हुआ। निफ्टी 25,884 पर बंद रहा, पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयर मजबूत रहे।
Market Closing: वैश्विक बाजारों में पॉजिटिव रुख रहने के बावजूद भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को सपाट रुख के साथ खुला। सुबह आईटी शेयरों में बिकवाली के चलते बाजार में दबाव नजर आया। वहीं, सरकारी बैंकों के शेयरों में तेजी ने बाजार को कुछ समर्थन दिया। लेकिन दिन के अंतिम घंटे में मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरकर बंद हुए।
सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 100 अंक चढ़कर 85,008 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 85,110 अंक के हाई और 84,536.73 अंक के लो तक गया। अंत में सेंसेक्स 313.70 अंक या 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,587.01 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 25,998 पर खुला और दिनभर 26,032.60 के हाई तथा 25,857.50 के लो तक गया। अंत में यह 25,884 के स्तर पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों की राय
जियोजित इंवेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि मंथली एक्सपायरी के दिन घरेलू बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखा गया। कमजोर रुपया और लगातार एफआईआई की बिकवाली से बाजार दबाव में रहा। निवेशक आगामी फेडरल रिज़र्व बैठक में संभावित रेट कट और इंडो-यूएस ट्रेड डील में स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे।
इसके बावजूद 26,000 के स्तर पर बिकवाली के दबाव के बीच घरेलू मजबूत आधार—विशेषकर दूसरी छमाही की बेहतर आय संभावनाओं—ने गिरावट को सीमित रखा। पीएसयू बैंक और रियल एस्टेट शेयरों ने होम लोन की मजबूत मांग और बढ़ती बाजार हिस्सेदारी से अच्छा प्रदर्शन किया।
टॉप गेनर्स और लूजर्स
सेंसेक्स में ट्रेंट, टाटा मोटर्स पीवी, एचसीएलटेक, इंफोसिस और पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एसबीआई, टाटा स्टील और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त दिखाने में सफल रहे।
सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक क्रमशः 1.62 प्रतिशत और 1.44 प्रतिशत बढ़े। इसके विपरीत निफ्टी आईटी में 0.57 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया में 0.8 प्रतिशत की गिरावट आई। ब्रॉडर मार्केट ने बेंचमार्क से बेहतर प्रदर्शन किया और निफ्टी मिडकैप 100 तथा निफ्टी स्मॉलकैप 100 क्रमशः 0.36 प्रतिशत और 0.19 प्रतिशत बढ़े।
वैश्विक बाजार का रुख
एशियाई बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ खुले। जापान का निक्केई 225 0.65 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.75 प्रतिशत ऊपर रहा। वॉल स्ट्रीट के टेक स्टॉक्स में रिकवरी और अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की संभावित दर कटौती ने निवेशकों का मनोबल बढ़ाया। S&P 500 इंडेक्स ने छह सप्ताह का सर्वोत्तम प्रदर्शन दर्ज किया। ब्लूमबर्ग के अनुसार, मनी मार्केट्स दिसंबर में फेड की दर कटौती की 70 प्रतिशत से अधिक संभावना जता रहे हैं। S&P 500 और नैस्डैक क्रमशः 1.55 प्रतिशत और 2.69 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुए।










