Columbus

महाराष्ट्र का इस्लामपुर अब बना ‘ईश्वरपुर’: केंद्र सरकार ने दी नाम परिवर्तन की मंजूरी

महाराष्ट्र का इस्लामपुर अब बना ‘ईश्वरपुर’: केंद्र सरकार ने दी नाम परिवर्तन की मंजूरी

महाराष्ट्र के सांगली जिले का इस्लामपुर शहर अब आधिकारिक रूप से ‘ईश्वरपुर’ के नाम से जाना जाएगा। भारतीय सर्वेक्षण विभाग (Survey of India) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, और यह निर्णय भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पत्रांक 13 अगस्त 2025 के आधार पर लिया गया।

मुंबई: महाराष्ट्र के सांगली जिले के इस्लामपुर शहर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘ईश्वरपुर’ कर दिया जाएगा। भारतीय सर्वेक्षण विभाग (Survey of India) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय भारत सरकार के गृह मंत्रालय के 13 अगस्त 2025 के पत्र के आधार पर लिया गया। नाम परिवर्तन के प्रस्ताव की जांच और स्थल सत्यापन के बाद इसे स्वीकृति मिली। 

इस्लामपुर नगर परिषद ने 4 जून 2025 को संकल्प संख्या 825 के तहत शहर का नाम ‘ईश्वरपुर’ करने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके अलावा, सांगली के वरिष्ठ डाकघर अधीक्षक और मध्य रेलवे, मिराज के सहायक मंडल अभियंता ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया था।

नाम परिवर्तन की प्रक्रिया 

इस्लामपुर नगर परिषद ने 4 जून 2025 को संकल्प संख्या 825 के तहत शहर का नाम ‘ईश्वरपुर’ करने का प्रस्ताव पारित किया था। प्रस्ताव को सांगली के वरिष्ठ डाकघर अधीक्षक और मध्य रेलवे, मिराज के सहायक मंडल अभियंता ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के साथ समर्थन प्रदान किया। भारतीय सर्वेक्षण विभाग ने स्थल सत्यापन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच के बाद नाम परिवर्तन को स्वीकृति दी। 

विभाग ने नए नाम की देवनागरी और रोमन वर्तनी दोनों तय की, जो भारतीय लिपियों की ध्वनियों के अनुरूप डायक्रिटिक्स पद्धति का पालन करती है। इसके अलावा विभाग ने सुझाव दिया कि नाम परिवर्तन का गजट नोटिफिकेशन जारी होने के बाद इसकी प्रति देहरादून स्थित मुख्य कार्यालय और पुणे के महाराष्ट्र एवं गोवा भू-स्थानिक निदेशालय को भेजी जाए।

सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने की पहल

स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह बदलाव क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान को सम्मान देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। भारतीय सर्वेक्षण विभाग के अधीक्षण सर्वेक्षक तुषार वैश्य ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय को पत्र लिखकर गजट अधिसूचना जल्द जारी करने का अनुरोध किया है। साथ ही इसकी जानकारी गृह मंत्रालय, महासर्वेक्षक कार्यालय, पश्चिमी क्षेत्र जयपुर और पुणे निदेशालय को भी भेजी गई।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा,

 'महाराष्ट्र का इस्लामपुर अब ईश्वरपुर। केंद्र सरकार ने सांगली जिले के इस्लामपुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही, यह शहर अब ईश्वरपुर के नाम से जाना जाएगा।'

उन्होंने आगे कहा, इस बदलाव के पीछे स्थानीय स्तर पर व्यापक जन आक्रोश और मार्च की भूमिका रही। एक हिंदू होने के नाते, मैंने भी इसमें भाग लिया था। यही प्रयास आज सफल हुआ है। यह निर्णय केवल नाम परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंदू संस्कृति की विरासत को संरक्षित करने का भी प्रतीक है। हिंदू अस्मिता की सुरक्षा और सम्मान के इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र और राज्य सरकारों का हृदय से आभार।

 

Leave a comment