Columbus

मलयालम सुपरस्टार मोहनालाल को मिला दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, पीएम मोदी ने दी बधाई

मलयालम सुपरस्टार मोहनालाल को मिला दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, पीएम मोदी ने दी बधाई

मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल विश्वनाथन नायर को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया जाएगा। चार दशकों से भी अधिक लंबे करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाले इस महान अभिनेता को यह सम्मान 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में 23 सितंबर को प्रदान किया जाएगा।

Dadasaheb Phalke Award: चार दशकों से भी अधिक लंबे करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल विश्वनाथन नायर (Mohanlal) को वर्ष 2023 का प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में दिया जाने वाला सर्वोच्च पुरस्कार है। 65 वर्षीय अभिनेता, निर्देशक और निर्माता मोहनलाल को यह सम्मान 23 सितंबर को आयोजित होने वाले 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोहनलाल की इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह उत्कृष्टता और बहुमुखी प्रतिभा के प्रतीक हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:

'कई दशकों तक शानदार काम करने वाले मोहनलाल मलयालम सिनेमा और थिएटर के एक प्रमुख कलाकार हैं। केरल की संस्कृति के प्रति उनका गहरा लगाव है और उन्होंने तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीता है। सभी माध्यमों में उनका सिनेमाई और नाटकीय कौशल वास्तव में प्रेरणादायक है। दादासाहेब फाल्के पुरस्कार पाने पर उन्हें हार्दिक बधाई। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।'

प्रधानमंत्री के संदेश के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग लगातार मोहनलाल को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री और नेताओं ने भी सराहा

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मोहनलाल को सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, मोहनलाल जी को बधाई। केरल की खूबसूरत धरती से लेकर दुनिया भर के दर्शकों तक - उनके काम ने हमारी संस्कृति का सम्मान किया है और हमारी आकांक्षाओं को बढ़ाया है। उनकी विरासत भारत की रचनात्मक भावना को प्रेरित करती रहेगी।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, मोहनलाल के सभी प्रशंसकों और चाहने वालों के लिए यह बहुत बड़ी खबर है! एक सांसद के तौर पर मुझे गर्व है कि मैं उनके शहर का प्रतिनिधित्व करता हूं। केरल का गौरव, हमारे अपने लाल को हार्दिक बधाई। इस तरह से राजनीति और फिल्म जगत की तमाम हस्तियों ने मोहनलाल को शुभकामनाएं दी हैं।

मोहनलाल का गौरवशाली करियर

1950 में केरल में जन्मे मोहनलाल ने 1980 के दशक की शुरुआत में फिल्मों में कदम रखा और देखते ही देखते दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक बन गए। उनकी अभिनय क्षमता, सहजता और बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।  उन्होंने अब तक 350 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उनका अभिनय केवल मलयालम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

उन्हें अभिनय के लिए कई बार राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पुरस्कार मिल चुके हैं। मोहनलाल की कई फिल्में आज भी सिनेमा प्रेमियों के बीच क्लासिक का दर्जा रखती हैं। इनमें प्रमुख हैं:

  • थानमात्रा (Thanmathra) – अल्जाइमर बीमारी से जूझते पिता की मार्मिक कहानी।
  • दृश्यम (Drishyam) – जिसने हिंदी समेत कई भाषाओं में रीमेक पाकर सफलता हासिल की।
  • वानप्रस्थम (Vanaprastham) – जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया।
  • मुंथिरिवल्लिकल थलिर्कुम्बोल – पारिवारिक रिश्तों को गहराई से दर्शाती फिल्म।
  • पुलीमुरुगन (Pulimurugan) – जिसने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए और मोहनलाल की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी।

सम्मान और उपलब्धियां

मोहनलाल को उनके योगदान के लिए कई बड़े सम्मानों से नवाजा गया है:

  • दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता)।
  • नौ बार केरल राज्य फिल्म पुरस्कार।
  • 2001 में पद्मश्री।
  • 2019 में पद्म भूषण।

अब दादासाहेब फाल्के पुरस्कार मिलना उनके करियर को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदान करेगा।

Leave a comment