मंडे टेस्ट में ‘धुरंधर’ का दबदबा कायम, ‘इक्कीस’ और ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने दिखाई स्थिर मजबूती

मंडे टेस्ट में ‘धुरंधर’ का दबदबा कायम, ‘इक्कीस’ और ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने दिखाई स्थिर मजबूती

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन संतुलित शुरुआत की थी, लेकिन रिलीज के पांचवें दिन तक आते-आते इसकी कमाई में काफी गिरावट देखने को मिली है।

Box Office Collection: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सोमवार का दिन फिल्मों के लिए हमेशा कड़ी परीक्षा माना जाता है, जिसे आमतौर पर “मंडे टेस्ट” कहा जाता है। इस परीक्षा में जहां ज्यादातर फिल्मों की कमाई में भारी गिरावट देखने को मिलती है, वहीं कुछ फिल्में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने में सफल रहती हैं। 

ताजा बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 32 दिन बाद भी अपनी बादशाहत बरकरार रखी है, जबकि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ और कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ मंडे टेस्ट में लड़खड़ाती नजर आईं। दूसरी ओर, हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भारतीय बाजार में स्थिर प्रदर्शन करती दिखी।

‘इक्कीस’ का मंडे टेस्ट में कमजोर प्रदर्शन

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की भावनात्मक और चर्चित आखिरी फिल्म मानी जा रही ‘इक्कीस’ ने पहले दिन संतुलित शुरुआत की थी और वीकएंड पर भी ठीक-ठाक कमाई की। हालांकि, रिलीज के पांचवें दिन यानी सोमवार को फिल्म की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘इक्कीस’ ने पांचवें दिन सिर्फ 1.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। 

इससे एक दिन पहले रविवार को फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ऐसे में सोमवार को आई तेज गिरावट ने फिल्म के भविष्य को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब तक ‘इक्कीस’ का कुल कलेक्शन 21.50 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है।

कार्तिक आर्यन की फिल्म दर्शकों को नहीं कर पाई आकर्षित

कार्तिक आर्यन स्टारर फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ को रिलीज हुए 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। सोमवार को इस फिल्म की कमाई सिर्फ 30 लाख रुपये रही, जो बेहद निराशाजनक मानी जा रही है। वीकएंड पर भी फिल्म का हाल खराब रहा और महज 7 लाख रुपये ही कमा सकी। कुल मिलाकर, फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन 32.30 करोड़ रुपये है। मजबूत प्रमोशन और लोकप्रिय स्टार होने के बावजूद दर्शकों की कमी इस फिल्म के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

‘धुरंधर’ का जलवा एक महीने बाद भी बरकरार

जहां नई फिल्में मंडे टेस्ट में कमजोर पड़ती दिखीं, वहीं ‘धुरंधर’ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कंटेंट और दर्शकों का भरोसा किसी भी फिल्म को लंबी रेस का घोड़ा बना सकता है। रिलीज के 32वें दिन यानी सोमवार को भी ‘धुरंधर’ ने 4.5 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। हालांकि रविवार को इसने 12.75 करोड़ रुपये कमाए थे, ऐसे में गिरावट स्वाभाविक मानी जा रही है।

अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 776.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो इसे साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल करता है। बजट से कई गुना ज्यादा कमाई कर चुकी यह फिल्म अब भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है।

‘अवतार: फायर एंड ऐश’ की स्थिर रफ्तार

जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को रिलीज हुए 17 दिन पूरे हो चुके हैं। सोमवार को इसने 1.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि रविवार को फिल्म ने 5.25 करोड़ रुपये कमाए थे। अब तक ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ की कुल कमाई 175.50 करोड़ रुपये हो चुकी है। यह आंकड़े दिखाते हैं कि भारतीय दर्शकों के बीच इस फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता अब भी बरकरार है।

 

Leave a comment