Columbus

Mumbai Rain Alert: भारी बारिश से मुंबई एयर ट्रैफिक प्रभावित, इंडिगो ने यात्रियों को दी अहम सलाह

Mumbai Rain Alert: भारी बारिश से मुंबई एयर ट्रैफिक प्रभावित, इंडिगो ने यात्रियों को दी अहम सलाह

मुंबई में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। इंडिगो ने यात्रियों को समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है ताकि परेशानी से बचा जा सके।

Mumbai Rain: मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार और बुधवार को हुई भारी बारिश ने शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों के लिए एक विशेष ट्रैवल एडवायजरी जारी की है। कंपनी ने कहा है कि भारी बारिश की वजह से हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है और यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए।

इंडिगो ने यात्रियों को दी अहम सलाह

इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि बारिश के चलते एयर ट्रैफिक पर दबाव बढ़ सकता है और इससे फ्लाइट संचालन प्रभावित हो सकता है। कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए घर से निकलते समय ट्रैफिक और जलभराव की स्थिति को ध्यान में रखें। इंडिगो ने साफ किया है कि फ्लाइट शेड्यूल में किसी भी बदलाव की जानकारी यात्रियों को SMS और ईमेल के जरिए दी जाएगी।

एयरलाइन ने यह भी कहा कि सभी यात्री यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर चेक करें ताकि एयरपोर्ट पर पहुंचने से पहले उन्हें पूरी जानकारी मिल सके।

मंगलवार को उड़ानों पर पड़ा असर

मंगलवार को भारी बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर कई उड़ानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ प्रभावित हुआ। आधी रात से शाम सात बजे तक करीब 11 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा 24 उड़ानों को लैंडिंग रोककर ऊपर दोबारा प्रयास करना पड़ा। सबसे ज्यादा असर शाम की उड़ानों पर देखा गया जहां यात्रियों को एक से डेढ़ घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।

मुंबई की सड़कों पर भीषण जलभराव

बारिश का असर सिर्फ हवाई यातायात पर ही नहीं बल्कि सड़क यातायात पर भी पड़ा। कई इलाकों में पानी भरने से ट्रैफिक लंबे समय तक जाम रहा। मुंबई के अंधेरी, जोगेश्वरी, कांदिवली, विले पार्ले और घाटकोपर जैसे इलाकों में बिजली कटौती की समस्या देखी गई। कुर्ला में अडानी इलेक्ट्रिसिटी के दो सबस्टेशन बंद हो गए, जिससे करीब 1000 परिवार प्रभावित हुए।

बेस्ट बस रूट में बड़े बदलाव

बारिश के कारण शहर के अंदर सार्वजनिक परिवहन पर भी असर पड़ा। बेस्ट (BEST) ने बताया कि मंगलवार को जलभराव के चलते 135 से ज्यादा बस रूट डायवर्ट करने पड़े। यह हाल के वर्षों में सबसे बड़ा डायवर्जन था। जिसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

यात्रियों को हो रही भारी दिक्कतें

बारिश और जलभराव की वजह से ऑटो और टैक्सी चालकों ने भी कई जगह यात्रियों को ले जाने से मना कर दिया। इससे ऑफिस जाने वाले और एयरपोर्ट के लिए निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कत हुई। कई जगह पर लोकल ट्रेनें भी देर से चलीं जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गैरजरूरी यात्रा से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें।

Leave a comment