बालोतरा: बाड़मेर जिले के यात्रियों के लिए नए साल में बेहतर सफर का रास्ता खुलने वाला है। लंबे समय से लंबी दूरी की स्लीपर व एसी बसों की कमी का सामना कर रहे लोगों को जल्द ही राहत मिलेगी। रोडवेज मुख्यालय की नई निविदा प्रक्रिया के बाद बाड़मेर आगार को 11 स्लीपर-वातानुकूलित ब्लू लाइन बसें मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
बालोतरा: बाड़मेर से हरिद्वार सहित कई लंबी दूरी के मार्गों पर पिछले पांच सालों से रोडवेज की स्लीपर बस सेवाएं बंद हैं, जिससे जिले के यात्रियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही थी। वर्तमान में आगार में केवल दो स्लीपर बसें उपलब्ध हैं, जो सिर्फ कोटा मार्ग पर संचालित होती हैं। जयपुर व अन्य बड़े शहरों के लिए भी स्लीपर या वातानुकूलित बसों की सुविधा न होने पर स्थानीय यात्रियों की ओर से लगातार मांग उठ रही थी।
इस बीच रोडवेज मुख्यालय जयपुर द्वारा नई निविदाएं जारी की गई हैं, जिसके तहत नए वर्ष में बाड़मेर रोडवेज आगार को 11 नई स्लीपर, वातानुकूलित, ब्लू लाइन बसें मिलने की संभावना है। ये बसें शुरू होने पर लंबी दूरी के यात्रियों को न सिर्फ आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि जिले की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। नई बसों के संचालन से बाड़मेर और बालोतरा के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
बड़े शहरों के लिए बढ़ी परेशानी
बाड़मेर से जयपुर, अजमेर, उदयपुर, सीकर, झुंझुनू जैसे बड़े शहरों के लिए रोडवेज की स्लीपर बसों का नहीं चलना यात्रियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। त्यौहारों, छुट्टियों और अवकाश अवधि में लोगों को सीट न मिलने और निजी वाहनों पर निर्भर होने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रोडवेज प्रबंधन भी इस कमी को गंभीरता से महसूस कर रहा है। मांग बढ़ने और लगातार शिकायतें आने के बाद अब मुख्यालय ने बाड़मेर के लिए 3 वातानुकूलित स्लीपर, 2 डबल-डेकर शैली 2/2 एसी बसें, 4 नॉन-एसी स्लीपर बसें और दो 3/2 ब्लू लाइन बसों की निविदा जारी की है। निजी कंपनियों से निविदाएं मंगाई गई हैं, जिसके बाद चयनित बसें अनुबंध पर लगाई जाएंगी।
मार्च-अप्रैल तक मिल सकती है राहत
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हुईं तो मार्च–अप्रैल तक बाड़मेर को नई बसों का बेड़ा मिल सकता है। इससे जयपुर, दिल्ली, हरिद्वार, सीकर, झुंझुनू और कोटा जैसे प्रमुख मार्गों पर स्लीपर और एयर-कंडीशन्ड सेवाएं शुरू हो सकेंगी, जिससे हजारों यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर की सुविधा मिलेगी।
रोडवेज आगार डिपो बाड़मेर के मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश पूनिया ने बताया कि वर्षों से स्लीपर बसों की कमी थी और इसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। नए वर्ष में 11 नई बसों के आने से सुविधाएं काफी बेहतर होंगी और जिले की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।











