जयपुर, उदयपुर और जोधपुर में डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल यह बस सेवा पर्यटकों की यात्रा को आसान बनाएगी और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करेगी।
Rajasthan: राजस्थान के प्रमुख पर्यटन शहरों जयपुर, उदयपुर और जोधपुर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार एक नई पहल करने जा रही है। तीनों शहरों में डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधा मिलेगी। योजना के अनुसार जयपुर में 30 जबकि उदयपुर और जोधपुर में 10-10 डबल डेकर बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों को खास तौर पर पर्यटन को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
सरकार का उद्देश्य है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक कम समय में अधिक से अधिक पर्यटन स्थल आसानी से देख सकें और उन्हें बार-बार वाहन बदलने की परेशानी न हो।
पर्यटन स्थलों से जुड़े होंगे बस रूट
डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों के रूट शहरों के प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़े जाएंगे। जयपुर में आमेर किला, हवा महल, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर जैसे प्रसिद्ध स्थलों को बस रूट में शामिल किया जाएगा। वहीं उदयपुर में सिटी पैलेस, पिछोला झील और जोधपुर में मेहरानगढ़ किला, जसवंत थड़ा जैसे पर्यटन स्थल बस सेवा से जोड़े जाएंगे।
इसके अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड को भी इन रूट्स में शामिल किया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को शहर में घूमने के लिए अलग साधन तलाशने की जरूरत न पड़े। एक बार टिकट लेने के बाद यात्री पूरे दिन इन बसों से यात्रा कर सकेंगे।
जल्द होगा ट्रायल
सरकारी योजना के अनुसार जनवरी महीने में इन डबल डेकर बसों का ट्रायल शुरू किया जा सकता है। ट्रायल सफल रहने के बाद आगामी छह महीनों के भीतर तीनों शहरों में इनका नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जयपुर में इन बसों का संचालन जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) द्वारा किया जाएगा।

डबल डेकर बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे प्रदूषण कम होगा और ईंधन की बचत भी होगी। इन बसों में आधुनिक सुविधाएं, आरामदायक सीटें और सुरक्षित यात्रा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
राजस्थान को मिलेंगी 50 डबल डेकर बसें
केंद्र सरकार की ओर से देशभर में 10 हजार इलेक्ट्रिक बसें दी जा रही हैं। इसी योजना के तहत जयपुर को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इसके अलावा जयपुर, उदयपुर और जोधपुर के लिए अलग से 50 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें दी जाएंगी। इन बसों की टेस्टिंग पहले ही पुणे में पूरी हो चुकी है और अब शहरों में इनका परीक्षण किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि डबल डेकर बसों से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और शहरों की पहचान भी मजबूत होगी।
पहले भी हुई थी बस सेवा
जयपुर में वर्ष 2013 में पर्यटकों के लिए “जयपुर दर्शन” नाम से बस सेवा शुरू की गई थी, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के कारण यह योजना सफल नहीं हो सकी। इस बार जेसीटीएसएल ने पिछली गलतियों से सीख लेते हुए नई रणनीति तैयार की है।
बसों के रूट तय करने से पहले पर्यटकों की आवाजाही, होटल, ठहरने के स्थान और प्रमुख पर्यटन केंद्रों का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही मुंबई में चल रही डबल डेकर बस सेवा की व्यवस्था का भी अध्ययन किया जा रहा है, ताकि यहां बेहतर संचालन किया जा सके।










