सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आज प्रेम कुमार का बिहार विधानसभा अध्यक्ष चुना जाना अत्यंत खुशी की बात है। उन्होंने उनकी उपलब्धियों और लंबे अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन सदन के कार्यों को और प्रभावी बनाएगा।
Bihar Vidhan Sabha Speaker: बिहार विधानसभा में मंगलवार को बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार को अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उन्हें आसन तक लेकर गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रेम कुमार को उनके निर्वाचित होने पर बधाई दी और सदन के सभी सदस्यों से उनके सम्मान में खड़ा होकर प्रणाम करने का आग्रह किया।
नीतीश कुमार ने सदन में की प्रशंसा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन में कहा, "बहुत खुशी की बात है कि आज प्रेम कुमार जी बिहार विधानसभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। मैं पूरे सदन की ओर से उनका अभिनंदन करता हूं।" उन्होंने सदन के सभी दलों और सदस्यों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने अध्यक्ष के निर्विरोध चुनाव में सहयोग किया। नीतीश ने प्रेम कुमार की लंबी अनुभव और मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनका अनुभव सदन के कामकाज में मार्गदर्शन देगा।
नीतीश ने सदन के सदस्यों से कहा, "मैं अनुरोध करूंगा कि खड़ा होकर इन्हें प्रणाम करें।" इसके बाद सभी सदस्यों ने प्रेम कुमार को खड़े होकर सम्मान दिया। प्रेम कुमार ने भी हाथ जोड़कर सदन का अभिवादन स्वीकार किया।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संदेश
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रेम कुमार को बधाई देते हुए कहा, "आपके पास लंबा अनुभव है। विपक्षी दल के नेता के रूप में भी आपने कार्य किया और पार्टी की संगठन संरचना में निरंतर योगदान दिया। इसलिए बिहारवासियों की ओर से आपको अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई।"
सदन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की प्रतिक्रिया
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी प्रेम कुमार की क्षमताओं की सराहना की। उन्होंने कहा, 'आज इस पवित्र आसन पर अनुभव की बड़ी किताब बैठी है। सभी नए सदस्य उनके अनुभव से लाभान्वित होंगे। यह आसन सभी की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा। हमारा हर बिहारी फिर से अपने गौरवान्वित इतिहास की ओर कदम बढ़ाएगा।'










