कोटपूतली-बहरोड़ के बहरोड़ थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल ने होटल में सुसाइड कर लिया। युवती की 19 फरवरी को शादी होनी थी। युवक दिल्ली पुलिस की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने FSL जांच कर शव परिजनों को सौंपे।
Rajasthan: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 स्थित गणगौर मिडवे होटल में शनिवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। होटल के एक कमरे में युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान इंद्र मीणा (20) और मंजू धानका (19) निवासी अजबपुरा (नारायणपुर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक का दोस्त नवीन मेहता शनिवार सुबह होटल में उससे मिलने पहुंचा था।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो होटल स्टाफ को बुलाया गया। इसके बाद गेट के नीचे से झांककर देखा गया, जहां कमरे के अंदर दोनों के पैर हवा में लटके नजर आए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बहरोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और होटल का कमरा सील कर दिया गया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
22 जनवरी को होटल में लिया था कमरा

होटल मालिक जितेंद्र पालीवाल ने बताया कि इंद्र और मंजू 22 जनवरी की शाम करीब 6:35 बजे होटल पहुंचे थे। दोनों ने कमरा नंबर 207 किराए पर लिया था। होटल रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों सामान्य तरीके से चेक-इन कर कमरे में गए थे और इसके बाद बाहर नहीं निकले।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे बहरोड़ के अनंतपुरा गांव का रहने वाला नवीन मेहता होटल पहुंचा। उसने इंद्र से मिलने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार कोशिश के बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तो स्टाफ की मदद ली गई। गेट के नीचे से देखने पर अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को दूर हटाकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
शादी की तैयारी चल रही थी
मृतक इंद्र मीणा के भाई राजेश ने बताया कि इंद्र अलवर में रहकर दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह मौसी के बेटे के साथ रहता था और नियमित रूप से कोचिंग जाता था। 22 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने दोस्त नवीन के साथ कोचिंग से निकला था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब संपर्क किया तो नवीन ने बताया कि इंद्र उसके साथ है और जल्द घर पहुंच जाएगा। इसके बाद परिवार निश्चिंत हो गया, लेकिन 24 जनवरी को पुलिस से मिली सूचना ने सबको तोड़ दिया।
मंजू धानका की शादी 19 फरवरी को प्रस्तावित थी और घर में विवाह की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच हुई इस दुखद घटना से दोनों परिवारों पर गहरा आघात पहुंचा। कार्यवाहक थानाधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार, दोनों ने होटल के कमरे में बेड पर कुर्सी रखकर बेडशीट का फंदा बनाया और जान दे दी। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।











