ओडिशा के राउरकेला में विमान हादसा: 9-सीटर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

ओडिशा के राउरकेला में विमान हादसा: 9-सीटर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

भुवनेश्वर से राउरकेला जा रही इंडिया वन एयर की सेसना ग्रैंड कारवां ईएक्स विमान में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति बिगड़ते देख पायलट ने तुरंत एटीसी को सूचना दी और सूझबूझ दिखाते हुए जलदा कंसर स्थित गड़िया टोला क्षेत्र के एक खेत में करीब 1:40 बजे आपात लैंडिंग कराई।

राउरकेला: ओडिशा के राउरकेला में शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब इंडिया वन एयर की 9-सीटर सेसना ग्रैंड कारवां ईएक्स (Cessna Grand Caravan EX) विमान को तकनीकी खराबी के कारण आपात क्रैश लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान भुवनेश्वर से राउरकेला की नियमित उड़ान पर था। हादसे में विमान को गंभीर नुकसान पहुंचा, लेकिन राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 6 लोग सुरक्षित बचा लिए गए, हालांकि उन्हें हल्की चोटें आई हैं।

उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:18 बजे विमान में उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। इसके बाद पायलट ने सूझबूझ और अनुभव का परिचय देते हुए राउरकेला के जलदा कंसर गड़िया टोली क्षेत्र में एक खुले खेत को आपात लैंडिंग के लिए चुना।

करीब 1:40 बजे विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग के दौरान विमान का दाहिना विंग पास के एक पेड़ से टकरा गया, जिससे वह टूट गया। इसके बाद विमान जमीन से टकराते हुए लगभग 100 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और बिना किसी डर के राहत और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने विमान के अंदर फंसे यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक मदद पहुंचाई। स्थानीय लोगों की तत्परता ने बड़ी जनहानि को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

  • कैप्टन नवीन कडंगा (पायलट-इन-कमांड)
  • कैप्टन तरुण श्रीवास्तव (फर्स्ट ऑफिसर)
  • यात्री: सुशांत कुमार विश्वाल, अनिता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल

सभी को तत्काल राउरकेला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। विमान में खराबी की सूचना मिलते ही एटीसी ने जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। अस्पतालों को भी एक्टिव मोड में रखा गया।

मौके पर पहुंचकर एसपी नितेश वाधवानी ने स्थिति का जायजा लिया, जबकि डीआईजी ब्रजेश राय भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि जांच कार्य में कोई बाधा न आए और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a comment