पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई शहरों में हवाई बमबारी की। पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने चेतावनी दी कि अफगान नागरिक अपनी मातृभूमि की रक्षा करेंगे। तालिबान ने भी जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान की चौकियों को निशाना बनाया। सीमा पर तनाव बढ़ गया है।
Pakistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल, कंधार और पख्तिया समेत कई इलाकों पर बमबारी की है। इस हमले के बाद अफगानिस्तान में सैकड़ों लोगों की मौत और भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। पाकिस्तान के इस कदम से अफगान नागरिकों में डर और आक्रोश फैल गया है, वहीं अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने भी कड़ा रुख अपनाया है।
तालिबान के लड़ाकों ने पाकिस्तान की चौकियों पर जबरदस्त हमला किया और डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी सैनिकों की कई चौकियों को तबाह कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ युद्ध का ऐलान किया। हालात इस कदर बिगड़े कि दोनों देशों के बीच जंग जैसी स्थिति बन गई।
हामिद करजई की कड़ी चेतावनी
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान की बमबारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अफगान नागरिक पूरी एकता के साथ अपनी मातृभूमि की रक्षा करेंगे। करजई ने कहा कि अफगानिस्तान पाकिस्तान की हिंसा और बमबारी की नीतियों को कभी नजरअंदाज नहीं करेगा। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि उसे अपनी नीतियों में बदलाव करना होगा और अफगानिस्तान के साथ सम्मानजनक और सभ्य संबंध बनाने होंगे।

करजई ने स्पष्ट किया कि अफगान नागरिक बहादुरी और साहस के साथ जवाब देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान उन समस्याओं से बच नहीं सकता जो उसने अपनी हिंसा और आक्रामक कार्रवाइयों के माध्यम से पैदा की हैं।
तालिबान की जवाबी कार्रवाई
तालिबान ने पाकिस्तान की दर्जनों चौकियों पर हमला किया। बॉर्डर पर पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर गोलाबारी और हमलों की तस्वीरें सामने आई हैं। तालिबान सरकार के अनुसार पाकिस्तान बार-बार बॉर्डर उल्लंघन कर रहा है, जिसके बाद तालिबानी फौज ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया।
तालिबान ने कई चौकियों पर कब्जा कर लिया और उनमें आग भी लगा दी। अफगानिस्तान की ओर से दावा किया गया है कि इस हमले में पाकिस्तान के लगभग 55 सैनिक मारे गए और बड़ी संख्या में घायल हुए। तालिबान की यह कार्रवाई पाकिस्तान को चेतावनी देने के साथ-साथ अपनी ताकत दिखाने की रणनीति भी मानी जा रही है।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हालात
डूरंड लाइन पर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान में TTP यानी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के लड़ाके छिपे हुए हैं और वे लगातार पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं। वहीं अफगानिस्तान का कहना है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं होने दिया जाएगा। दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़पें और हवाई हमलों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।












