नरसिंहपुर में प्रमोद मेहरा ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर मदद की मांग की थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Madhya Pradesh: घटना नरसिंहपुर जिले के खैरी नाका गांव की है। मृतक प्रमोद मेहरा (30) कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी था और चावरा विद्यापीठ स्कूल में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। प्रमोद ने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि पत्नी और ससुराल वालों ने उसे बार-बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसने कहा कि 8 तारीख को हुए मामूली विवाद के बाद उसकी पत्नी को ससुराल पक्ष ले गया और वापस भेजने से इनकार कर दिया। वीडियो में उसने साफ शब्दों में कहा, “तू मर भी जाएगा तो हम नहीं आएंगे।”
प्रमोद ने आरोप लगाया कि उसकी दो छोटी बेटियां भी उससे दूर रखी जा रही हैं। उसने ससुराल पक्ष के सदस्य- साले सोहन, ससुर, जेठ-सास और जीतू- पर मानसिक रूप से उकसाने और उसके घर को तोड़ने का आरोप लगाया।
परिवार ने बताया पूरा घटनाक्रम

प्रमोद की मां कुसुम बाई ने बताया कि मंगलवार को प्रमोद अपनी पत्नी को लेने ससुराल बगासपुर गया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई और पत्नी ने साथ आने से इनकार कर दिया। बुधवार रात करीब 9 बजे वह ससुराल से वापस आया। उसी रात परिवार पिपसरा गांव में था, तभी छोटे बेटे ने फोन कर सूचना दी कि प्रमोद ने फांसी लगा ली।
परिजन तुरंत खैरी नाका स्थित घर पहुंचे और प्रमोद का शव पलंग पर पड़ा मिला। पुलिस भी मौके पर थी। शव को जिला अस्पताल ले जाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे और कौन-कौन शामिल हो सकता है और प्रमोद के परिवार के दावे कितने सटीक हैं।










