दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम और बिगड़ सकता है। प
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में इस समय कड़ाके की सर्दी का असर जारी है और लोग ठंड से कांप रहे हैं। हालांकि, दिन के वक्त धूप के दर्शन भी हो रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर का मौसम इसी तरह ठंडा और शुष्क बना रहेगा। उधर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप
दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। दिन में धूप के बावजूद ठंड की वजह से लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहेगा। दिन में हल्की धूप रहने की संभावना है, लेकिन सुबह और रात के समय तापमान काफी गिरा रहेगा।
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में गुरुवार को तापमान हिमांक स्तर के आसपास पहुंच गया। हिसार, नारनौल और नूंह में न्यूनतम तापमान क्रमशः 0.2°C, 1.5°C और 4.6°C दर्ज किया गया। सुबह के समय कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम रही, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने इन राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की चेतावनी दी है।

कश्मीर और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी
कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान -3.9°C दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के -5.2°C की तुलना में थोड़ा अधिक था। इस समय डल झील सहित कई जलाशयों का पानी जम गया है। कश्मीर घाटी में चल रही ‘चिल्ला-ए-कलां’ अवधि भी ठंड को और बढ़ा रही है। यह लगभग 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि होती है, जो 21 दिसंबर से 30 जनवरी तक रहती है। इस दौरान पहाड़ों में भारी बर्फबारी होने की संभावना रहती है और रात का तापमान अक्सर हिमांक से नीचे चला जाता है।
उत्तर भारत के 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए उत्तर भारत के 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
- जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश: 16 से 20 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना
- उत्तराखंड: अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: 18 से 20 जनवरी तक हल्की से मध्यम बारिश
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान: 19 और 20 जनवरी को कुछ जगहों पर बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि 15 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होगा। इसके असर से 16 से 30 जनवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और ठंड की संभावना है। मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है। उत्तर भारत और बिहार में अगले पांच-छह दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी है।










