Pune

'रामायण' से 'कांतारा' तक: 4000 करोड़ में बनीं ये 5 माइथोलॉजिकल फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मचाएंगी धमाल

'रामायण' से 'कांतारा' तक: 4000 करोड़ में बनीं ये 5 माइथोलॉजिकल फिल्में बॉक्स ऑफिस पर मचाएंगी धमाल

बॉलीवुड पौराणिक फिल्मों की ओर लौट रहा है, जहां 'रामायण', 'महाभारत', 'कांतारा', 'जय हनुमान' जैसी भव्य फिल्में संस्कृति, भक्ति और तकनीक का संगम पेश करेंगी।

Bollywood: बॉलीवुड एक बार फिर लौट रहा है अपने पौराणिक जड़ों की ओर, जहां रामायण, महाभारत, कांतारा, जय हनुमान और महावतार नरसिम्हा जैसी महागाथाओं को बड़े परदे पर नए विजुअल ट्रीटमेंट और भारी-भरकम बजट के साथ पेश किया जाएगा। जहां एक ओर इन फिल्मों में भारी तकनीकी और प्रोडक्शन इन्वेस्टमेंट है, वहीं दूसरी ओर इनमें भारतीय संस्कृति, धर्म और परंपराओं की गूंज भी सुनाई देगी।

'रामायण': भारतीय सिनेमा का अब तक का सबसे बड़ा वेंचर

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित ‘रामायण’ न केवल भारत की बल्कि एशिया की सबसे महंगी फिल्म मानी जा रही है। फिल्म का अनुमानित बजट 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस महागाथा में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि बॉबी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा दिवाली 2027 को रिलीज होगा। आधुनिक वीएफएक्स, मोशन कैप्चर टेक्नोलॉजी और गहन शोध के साथ बनाई जा रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

'महावतार नरसिम्हा': पौराणिकता से भरपूर एनीमेशन का चमत्कार

क्लिम प्रोडक्शंस और होम्बले फिल्म्स के सहयोग से बनी यह फिल्म भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह पर आधारित है। यह एक एनीमेटेड 3डी फिल्म है, जो 25 जुलाई को पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी। यह फिल्म भारत में बनने वाली पहली पौराणिक फ्रेंचाइजी का हिस्सा है। नरसिंह का आधा सिंह और आधा मानव रूप बच्चों और युवाओं दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। इसके ट्रेलर को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।

'महाभारत': आमिर खान का ड्रीम प्रोजेक्ट

आमिर खान का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘महाभारत’ पर अभी भी रहस्य बना हुआ है। हालांकि अभिनेता ने पुष्टि की है कि वे इस प्रोजेक्ट पर गंभीरता से काम कर रहे हैं और इसे वेब सीरीज फॉर्मेट में लाने की योजना है। आमिर चाहते हैं कि यह कहानी न केवल भारत में बल्कि विश्वभर में भारतीय संस्कृति और दर्शन का प्रतिनिधित्व करे। कास्टिंग, रिसर्च और लेखन पर महीनों से काम चल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि 2026 तक इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा हो सकती है।

'कांतारा: चैप्टर 1':  लोककथा से पौराणिकता की ओर वापसी

ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा’ ने 2022 में दर्शकों को चौंकाया था, और अब इसका प्रीक्वल ‘कांतारा: चैप्टर 2 अक्टूबर 2025 को रिलीज होगा। इस बार फिल्म प्राचीन परंपराओं, लोकगाथाओं, और आध्यात्मिकता को और गहराई से दर्शाएगी। फिल्म की थीम इंसान, प्रकृति और ईश्वर के रिश्ते पर आधारित है। इसके पहले टीज़र ने ही सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज बटोर लिए हैं और फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।

'जय हनुमान': शक्ति, भक्ति और संस्कृति का संगम

‘हनुमान’ जैसी ब्लॉकबस्टर एनिमेटेड फिल्म के निर्देशक प्रशांत वर्मा अब 'जय हनुमान' के साथ लौट रहे हैं, जिसमें ऋषभ शेट्टी भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म भूषण कुमार और मैथरी मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही है। इस फिल्म का उद्देश्य है भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और धार्मिक कथाओं को वैश्विक मंच पर पहुंचाना। फिल्म में भगवान हनुमान की वीरता, भक्ति और रामायण के घटनाक्रमों को नए दृष्टिकोण से दिखाया जाएगा।

  • क्यों लौट रहा है बॉलीवुड माइथोलॉजिकल फिल्मों की ओर?
  • ओटीटी कंटेंट से थके दर्शक अब सिनेमाई अनुभव चाहते हैं।
  • भारतीय संस्कृति और धर्म की ओर युवाओं में बढ़ता रुझान।
  • बाहुबली और केजीएफ जैसी फिल्मों ने भव्यता की मांग बढ़ा दी है।
  • मोशन कैप्चर और VFX तकनीकों के चलते अब ये कहानियां बेहतर तरीके से दिखाई जा सकती हैं।

Leave a comment