रीवा में तीन युवकों ने एक बुजुर्ग को बाइक से बांधकर सड़क पर घसीटा। बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हैं। एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। सेमरिया थाना क्षेत्र के पड़रिया इलाके में तीन युवकों ने साइकिल से जा रहे बुजुर्ग लक्ष्मण प्रजापति को रास्ते में रोकने की कोशिश की। जब बुजुर्ग नहीं रुके तो बदमाशों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और फिर उन्हें बाइक से बांध दिया। इसके बाद बाइक को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए बुजुर्ग को सड़क पर घसीटते रहे।
सड़क पर लगातार घिसटने के कारण बुजुर्ग की त्वचा उधड़ गई और वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। घायल अवस्था में बुजुर्ग को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वीडियो सामने आते ही भड़का लोगों का गुस्सा

इस अमानवीय घटना का वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सेमरिया-रीवा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक आरोपी गिरफ्तार
सेमरिया थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी कुन्नू साकेत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पीड़ित की बहू सोनू प्रजापति ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके ससुर को सड़क पर घसीटा गया, ऐसा व्यवहार तो जानवरों के साथ भी नहीं किया जाता। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










