RRB ने NTPC अंडरग्रेजुएट CBT-2 परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को देशभर में होगी। सिटी स्लिप 9–10 दिसंबर तक और एडमिट कार्ड 16 दिसंबर तक जारी होंगे। परीक्षा केंद्र पर आधार कार्ड अनिवार्य रहेगा।
RRB NTPC UG CBT-2 Exam 2025: रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC अंडरग्रेजुएट CBT-2 परीक्षा की तारीख जारी कर दी है, जो 20 दिसंबर 2025 को पूरे देश में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा उन उम्मीदवारों के लिए होगी जिन्होंने CBT-1 क्वालिफाई किया है। सिटी इंटिमेशन स्लिप 9 या 10 दिसंबर तक जारी होगी, जबकि एडमिट कार्ड 16 दिसंबर तक उपलब्ध होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा, क्योंकि बायोमेट्रिक सत्यापन उसी के आधार पर किया जाएगा।
20 दिसंबर को होगी NTPC UG CBT-2 परीक्षा
रेलवे बोर्ड के नोटिफिकेशन के अनुसार NTPC UG CBT-2 एग्जाम 20 दिसंबर 2025 को एक ही दिन पूरे देश में आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा में केवल वही उम्मीदवार शामिल होंगे जिन्होंने CBT-1 सफलतापूर्वक पास किया है। यह चरण फाइनल चयन की दिशा में निर्णायक माना जा रहा है।
इस बार परीक्षा में कुल 120 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें जनरल अवेयरनेस से 50, गणित से 35 और जनरल इंटेलिजेंस व रीजनिंग से 35 सवाल होंगे। परीक्षा की अवधि 90 मिनट तय की गई है और हर गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।

सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड कब होंगे जारी?
रेलवे भर्ती बोर्ड के मुताबिक CBT-2 की सिटी इंटिमेशन स्लिप परीक्षा से करीब 10 दिन पहले जारी की जाएगी। यानी उम्मीदवार 9 या 10 दिसंबर 2025 तक अपनी सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकेंगे। इससे उन्हें यह जानकारी मिल जाएगी कि परीक्षा किस शहर में होगी।
इसके बाद परीक्षा से चार दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीद है कि 16 दिसंबर 2025 तक अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। यह स्पष्ट किया गया है कि एडमिट कार्ड डाक के जरिए नहीं भेजा जाएगा।
परीक्षा के दिन आधार कार्ड अनिवार्य
इस बार रेलवे भर्ती बोर्ड ने आधार कार्ड को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए आधार कार्ड जरूरी होगा और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन भी आधार के आधार पर ही किया जाएगा।
जिन उम्मीदवारों का आधार अभी RRB पोर्टल से लिंक या ऑथेंटिकेट नहीं है, वे जल्द से जल्द rrbapply.gov.in पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर लें। ऐसा न करने पर परीक्षा में बैठने में परेशानी हो सकती है।












