Pune

शशि थरूर बनाम कांग्रेस: 'उड़ान' वाले बयान पर पार्टी का शिकारी जवाब

शशि थरूर बनाम कांग्रेस: 'उड़ान' वाले बयान पर पार्टी का शिकारी जवाब

शशि थरूर के ‘उड़ो मत पूछो’ पोस्ट पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर का पलटवार—‘बाज, गिद्ध, चील शिकार करते हैं’। पार्टी में उठ रहे बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर भी प्रतिक्रिया मिल रही है।

Delhi: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर एक बार फिर पार्टी के भीतर विवादों में घिर गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने के बाद शुरू हुई आलोचना अब सोशल मीडिया पोस्ट्स तक पहुंच गई है। बीते बुधवार को शशि थरूर ने एक पोस्ट में लिखा, "उड़ने के लिए इजाजत मत मांगो। पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी का नहीं है।" इस पोस्ट को कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना के रूप में देखा जा रहा है।

मल्लिकार्जुन खरगे की नाराजगी

थरूर की मोदी की सराहना पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना और थरूर को पार्टी लाइन के खिलाफ बोलने से परहेज करने की सलाह दी थी। थरूर हालांकि बार-बार यह कह चुके हैं कि उन्होंने केवल भारत के पक्ष में बात की है, किसी राजनीतिक दल के समर्थन में नहीं।

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर का पलटवार

थरूर की 'उड़ान' वाली पोस्ट के बाद कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, "उड़ने के लिए इजाजत मत मांगो। पक्षियों को उड़ने की इजाजत नहीं लेनी पड़ती... लेकिन आज के समय में एक स्वतंत्र पक्षी को भी आसमान देखना चाहिए। बाज, गिद्ध और चील हमेशा शिकार करते रहते हैं। स्वतंत्रता मुफ्त नहीं होती, खासकर तब जब शिकारी देशभक्ति को पंखों की तरह पहनते हैं।" टैगोर का यह बयान स्पष्ट रूप से थरूर के खिलाफ ही था।

थरूर की सफाई: 'मैं भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा था'

शशि थरूर ने कांग्रेस नेताओं की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की उपलब्धियों को सामने रखा था, न कि किसी विशेष नेता या पार्टी का गुणगान किया था। उन्होंने कहा कि भारत को जब वैश्विक मंच पर सम्मान मिलता है तो यह सभी भारतीयों की जीत होती है, न कि किसी एक पार्टी की।

Leave a comment