उत्तर प्रदेश के संभल में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मकान पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना नक्शा मंजूरी के बने हिस्से को SDM के आदेश पर तोड़ा जा रहा है। कोर्ट के निर्देश के बाद मकान का अवैध हिस्सा हटाया जा रहा है, जिसमें खुद सांसद भी मजदूरों संग मौजूद रहे।
UP News: संभल जिले के थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला रायसत्ती में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मकान को प्रशासन ने अवैध करार देकर ध्वस्त करना शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई SDM के आदेश और कोर्ट के निर्देश के तहत की जा रही है। बताया गया कि मकान का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया गया था। 5 दिसंबर 2024 को नोटिस जारी होने के बाद सांसद को 30 दिनों की मोहलत दी गई थी। अब आदेश की समय सीमा पूरी होने पर 151 वर्ग फीट फ्रंट एरिया हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
अवैध निर्माण पर गिरी गाज: सपा सांसद ने खुद शुरू किया मकान तोड़ना
संभल में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के मकान पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। दीपा सराय में बिना नक्शा मंजूरी के बने हिस्से को कोर्ट और SDM के आदेश के बाद ध्वस्त किया जा रहा है। सांसद खुद मजदूरों के साथ अवैध हिस्से को हटाने में जुटे हैं।
बिना नक्शा मंजूरी के बना मकान
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर आरोप था कि उन्होंने दीपा सराय इलाके में बिना नक्शा मंजूरी के मकान का निर्माण कराया। इस पर प्रशासन ने 5 दिसंबर 2024 को पहला नोटिस जारी किया था। इसके बाद कई सुनवाई हुईं और अंततः 28 जुलाई 2025 को एसडीएम ने अंतिम सुनवाई की तारीख तय की।
11 अगस्त को अदालत ने संशोधित नक्शा स्वीकार किया, लेकिन 1,35,000 रुपये का जुर्माना लगाया और 30 दिनों के भीतर अवैध हिस्से को हटाने का आदेश दिया। इसी आदेश के तहत अब मकान का 151 वर्ग फीट हिस्सा गिराया जा रहा है।
एसडीएम बोले : नियम के तहत हो रही कार्रवाई
उपजिलाधिकारी ने साफ किया कि अगर सांसद ने खुद अवैध निर्माण नहीं हटाया होता, तो प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करता। अदालत ने जुर्माने की राशि जमा करने का आदेश भी दिया है। इसके बाद से ही सांसद ने मजदूरों के साथ मिलकर मकान का अवैध हिस्सा तोड़ना शुरू किया।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है और इसका मकसद शहर में अवैध निर्माण को रोकना है। स्थानीय प्रशासन ने इसे कानून के दायरे में उठाया गया कदम बताया।
पहले सपा विधायक की जमीन पर चला बुलडोजर
इससे पहले 6 सितंबर को संभल जिले के मंडल गांव में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी। राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया, जिसे कथित तौर पर सपा विधायक इकबाल महमूद ने बाग में तब्दील कर दिया था। यह कब्जा लंबे समय से चला आ रहा था।
बुलडोजर चलाकर जमीन खाली कराई गई और राजस्व विभाग ने इसे सरकारी रिकॉर्ड में वापस दर्ज किया। इस कार्रवाई को भी विपक्षी दलों से जुड़े नेताओं पर प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा गया।