तेज रफ्तार थार ने छीना इकलौता सहारा, मां-बाप और बहनों पर टूटा दुखों का पहाड़

तेज रफ्तार थार ने छीना इकलौता सहारा, मां-बाप और बहनों पर टूटा दुखों का पहाड़

जयपुर के जयंती मार्केट चौराहे पर तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार फैजान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पहले एक छात्रा घायल हुई। फैजान परिवार का एकमात्र कमाने वाला था।

Rajasthan: जयपुर के जयंती मार्केट चौराहे के पास शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पहले पैदल जा रही छात्रा कुलसुम को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार फैजान को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि फैजान गाड़ी के नीचे फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

फैजान की मां खेरुनिसा (58) का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि फैजान पांच बेटियों में इकलौता बेटा था और वही परिवार का सहारा था। उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किलों से बेटे को पाला था और अब उसके बिना जीना बेहद मुश्किल हो गया है। हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोग मौके से भाग गए, जिससे परिवार का गुस्सा और दुख और बढ़ गया।

घर का इकलौता कमाने वाला था फैजान

फैजान के पिता अब्दुल कादिर (62) ने बताया कि उनका बेटा ऑनलाइन काम करके पूरे परिवार का खर्च चलाता था। परिवार मूल रूप से सीकर जिले के खंडेला का रहने वाला है, लेकिन पिछले 30 वर्षों से जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। फैजान की कमाई से ही घर चलता था और पांच बेटियों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी।

पिता ने कहा कि बेटे की मौत के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अब यह समझ नहीं आ रहा कि बेटियों की पढ़ाई, शादी और रोजमर्रा के खर्च कैसे पूरे होंगे। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

घायल छात्रा का इलाज जारी

इस हादसे में घायल हुई छात्रा कुलसुम (19) को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुलसुम ने बताया कि वह गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज किशनपोल से फॉर्म भरकर अपनी दोस्त के साथ पैदल घर लौट रही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी। उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और ऑपरेशन किया जाना है। उसने कहा कि टक्कर के बाद उसे लगा कि उसकी जान चली जाएगी। 

कुलसुम के मामा मुजफ्फर अली ने बताया कि उनका परिवार ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है, लेकिन कुलसुम पढ़ाई के जरिए अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती है। वह बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा है। उसके पिता फुटवियर का काम करते हैं और परिवार सीमित आय में गुजर-बसर करता है।  

जालूपुरा थाना SHO हवा सिंह के अनुसार, हादसे में शामिल थार गाड़ी किराए की थी, जिसे मनीष कुमार नाम के युवक ने लिया था। CCTV फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment