वाराणसी - उत्तर प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए कारागार विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की 14 जेलों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि 22 जेलों को बॉडी-वॉर्न कैमरे और 58 जेलों को सोलर लाइटें उपलब्ध कराई जाएंगी।
कारागार विभाग के अनुसार, ड्रोन के माध्यम से जेल परिसरों की निगरानी से सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी। इससे जेल के भीतर और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। वहीं, बॉडी-वॉर्न कैमरों के जरिए ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षकों की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग होगी, जिससे किसी भी घटना की जांच में आसानी होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
ड्रोन से निगरानी वाली जेलों में वाराणसी, फतेहगढ़, इटावा केंद्रीय कारागार, अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, गोरखपुर, जौनपुर, अयोध्या, सुलतानपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, प्रयागराज और मथुरा शामिल हैं।
जेलों में सोलर लाइट लगाए जाने से रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कारागार विभाग का कहना है कि यह पहल जेलों को आधुनिक तकनीक से लैस करने और सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम है।











